Last Updated:
Indore News: मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, ‘संध्या मेरी बेटी जैसी है. मैंने पिता की तरह उन्हें गोद में खिलाया है. कांग्रेस ने मेरे बयान को गलत तरीके से दिखाया और मीडिया ने भी गलत तरह से उठाया, जिससे मेरा मन दुखी है और मैं अपने दिए गए बयान को लेकर खेद प्रकट करता हूं.’
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने वीडियो जारी कर खेद जताया है.
रिपोर्ट- मिथिलेश गुप्ता, इंदौर. मध्य प्रदेश के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एक बार फिर अपनी विवादित टिप्पणी को लेकर सुर्खियों में हैं. इंदौर विधानसभा क्रमांक-1 में नर्मदा लाइन पड़ने समेत अन्य निर्माण कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने बीजेपी की महिला पार्षद संध्या यादव को लेकर बॉडी शेमिंग कमेंट कर दिया. कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जिसके बाद कांग्रेस ने इसे आड़े हाथों लेते हुए बीजेपी पर जमकर निशाना साधा. कांग्रेस ने मंत्री से माफी की मांग की. वहीं सोशल मीडिया पर भी कैलाश विजयवर्गीय को जमकर ट्रोल किया जाने लगा. अब इस मामले में मंत्री ने एक वीडियो जारी करते हुए माफी मांगी है.
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बीजेपी पार्षद संध्या यादव पर की गई टिप्पणी के लिए खेद प्रकट किया है. विजयवर्गीय ने कहा, ‘संध्या मेरी बेटी जैसी है. मैंने पिता की तरह उन्हें गोद में खिलाया है. कांग्रेस ने मेरे बयान को गलत तरीके से दिखाया और मीडिया ने भी गलत तरह से उठाया, जिससे मेरा मन दुखी है और मैं अपने दिए गए बयान को लेकर खेद प्रकट करता हूं.’ वहीं इस मामले में पार्षद संध्या यादव ने कहा, ‘मेरे लिए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पिता तुल्य हैं. मेरा और उनका रिश्ता पिता-पुत्री का है. जो भ्रामक खबरें चल रही हैं, उसपर ध्यान न दें.’
क्या है विवाद?
दरअसल इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने शुरुआती भाषण के दौरान पार्षद संध्या यादव की सक्रियता और उनके काम की तारीफ की. इसी दौरान उनकी नजर मंच पर मौजूद इंदौर विधानसभा क्रमांक-5 के विधायक महेंद्र हार्डिया पर पड़ी. मंत्री ने कहा कि भोले भंडारी महेंद्र जी, आप तो नजर ही नहीं आए. इसके बाद उन्होंने कहा कि अच्छा, आप पार्षद (संध्या यादव) के पीछे बैठे थे. इसी दौरान पार्षद का नाम लेते हुए मंत्री ने उनके शरीर को लेकर टिप्पणी कर दी. जिसके बाद कार्यक्रम स्थल पर हंसी के ठहाके सुनाई दिए. वीडियो में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी इस टिप्पणी के बाद हंसते हुए नजर आ रहे हैं.
कांग्रेस ने जमकर बोला हमला
कैलाश विजयवर्गीय की टिप्पणी का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने मंत्री और बीजेपी पर जमकर हमला बोला. कांग्रेस प्रवक्ता नीलाभ शुक्ला ने कहा कि यह हंसी-मजाक नहीं बल्कि महिलाओं का अपमान है. महिला पार्षद समेत सभी महिलाओं से मंत्री को माफी मांगनी चाहिए. कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता अमित चौधरी ने कहा कि कल राहुल गांधी के मंच पर सामने आए मीम को पीएम मोदी की मां के अपमान से जोड़कर भारतीय जनता पार्टी ने मुद्दा बनाया था लेकिन अब BJP सरकार के मंत्री अपनी ही पार्टी की महिला पार्षद पर ऐसी टिप्पणी कर रहे हैं.