अचानक मुड़ने की ताकत और महीनों अंतरिक्ष में रहने का दम, जानिए चीन के सीक्रेट स्पेसप्लेन की वो खूबियां जिससे डरा अमेरिका

अचानक मुड़ने की ताकत और महीनों अंतरिक्ष में रहने का दम, जानिए चीन के सीक्रेट स्पेसप्लेन की वो खूबियां जिससे डरा अमेरिका


नई दिल्ली: चीन के सीक्रेट स्पेसप्लेन की खूबियों ने अमेरिका को डरा दिया है. अमेरिकी रक्षा खुफिया एजेंसी डीआईए ने अपनी ताजा रिपोर्ट ‘चैलेंजेस टू सिक्योरिटी इन स्पेस’ में चीन के एक सीक्रेट रीयूजेबल स्पेसप्लेन की बेहद साफ तस्वीर जारी की है. मैक्सार टेक्नोलॉजीज द्वारा खींची गई यह तस्वीर दिखाती है कि चीन पृथ्वी की कक्षा में अपनी सैन्य क्षमताओं को बहुत तेजी से बढ़ा रहा है. अभी तक बीजिंग के इस गुप्त स्पेस प्रोग्राम की गतिविधियों को लेकर पूरी दुनिया में गोपनीयता बनी हुई थी. इस तस्वीर के सामने आने के बाद वाशिंगटन में सुरक्षा रणनीतिकारों के बीच हलचल बढ़ गई है.

अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट में जारी तस्वीर से चीनी स्पेसक्राफ्ट के कौन से राज खुले?

सैटेलाइट से ली गई इस हाई-रिजॉल्यूशन तस्वीर में एक छोटा और शटल जैसा स्पेसक्राफ्ट दिखाई दे रहा है. इस क्राफ्ट के पंख छोटे हैं और इसमें दो वर्टिकल टेल यानी पूंछ दी गई हैं. इसके अलावा स्पेसक्राफ्ट के बीच में एक खुला पेलोड बे भी साफ नजर आ रहा है. वाहन के पिछले हिस्से के दोनों तरफ सोलर पैनल्स लगाए गए हैं.

डीआईए के अनुसार रीयूजेबल स्पेस गतिविधियों के लिए ऐसे स्पेसप्लेन सबसे अहम क्षमता होते हैं. ये विमान कक्षा में जाकर किसी भी वस्तु को स्थापित कर सकते हैं. साथ ही ये विभिन्न परीक्षण पूरे करने के बाद सुरक्षित पृथ्वी पर वापस भी लौट सकते हैं.

अमेरिकी स्पेस फोर्स के X-37B से कितना मिलता-जुलता है चीन का यह रहस्यमय विमान?

इस चीनी स्पेसक्राफ्ट का डिजाइन अमेरिकी स्पेस फोर्स द्वारा संचालित एक्स-37बी स्पेसप्लेन से काफी मिलता-जुलता है. हालांकि दोनों की बनावट में कुछ तकनीकी अंतर भी देखे गए हैं. विशेषज्ञों के मुताबिक चीनी स्पेसप्लेन के पंख अमेरिकी विमान की तुलना में ज्यादा चौड़े दिखाई देते हैं.

अमेरिकी रक्षा एजेंसी ने यह साफ नहीं किया है कि तस्वीर में दिख रहा क्राफ्ट चीन के दो मुख्य मॉडल्स शैनलांग या तेंगयुन में से कौन सा है. इससे पहले 2024 में साउथ कोरिया के एक स्पेस फोरम में इस विमान की कम रिजॉल्यूशन वाली तस्वीर दिखाई गई थी.

शेनलोंग अपने सोलर पैनल ऐरे को वाहन के ऊपर लगाने के बजाय, पीछे की तरफ से तैनात करता हुआ दिखाई देता है. (Credit: Maxar Technologies / DIA)

अंतरिक्ष में जासूसी सैटेलाइट्स और इस स्पेसप्लेन से अमेरिका को आखिर क्यों सता रहा है डर?

अमेरिकी थिंक टैंक और रक्षा एजेंसियां इस विमान की मुड़ने और दिशा बदलने की क्षमता से सबसे ज्यादा सतर्क हैं. सामान्य सैटेलाइट्स अंतरिक्ष में तेजी से अपनी दिशा बदलने में सक्षम नहीं होते हैं. यह स्पेसप्लेन कक्षा में घूमते हुए खुफिया जानकारी जुटाने और दूसरे स्पेसक्राफ्ट्स के करीब जाकर ऑपरेशन करने में सक्षम है.

हालांकि तस्वीरों में इसके किसी हथियार ले जाने या आक्रामक मिशन चलाने के सीधे सबूत नहीं मिले हैं. रिपोर्ट में बताया गया है कि 2018 के बाद से चीन के जासूसी और सर्विलांस सैटेलाइट्स की संख्या तीन गुना बढ़कर 510 से ज्यादा हो चुकी है.

शैनलांग और तेंगयुन में से कौन सा स्पेसप्लेन अंतरिक्ष में चक्कर काट रहा है?

चीन ने साल 2020 से अब तक अपने रीयूजेबल स्पेसप्लेन के कुल चार ज्ञात ऑर्बिटल मिशन पूरे किए हैं. इसका तीसरा मिशन 14 दिसंबर 2023 से 6 सितंबर 2024 तक चला था. उस मिशन के दौरान चीनी स्पेसक्राफ्ट ने कक्षा में कई छोटी वस्तुएं भी छोड़ी थीं. इसके बाद चीन ने 7 फरवरी 2026 को अपना चौथा मिशन शुरू किया था. यह स्पेसक्राफ्ट अब भी अंतरिक्ष की कक्षा में लगातार घूम रहा है. अमेरिका लगातार इस पर नजर बनाए हुए है.



Source link