जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ ने निवेशकों को शानदार कमाई कराई है. देश के पांच सबसे बड़े आईपीओ में जियो का आईपीओ लिस्टिंग के बाद रिटर्न देने के मामले में सबसे आगे रहा. शेयर ने 21 फीसदी से ज्यादा का रिटर्न दिया. जिन निवेशकों को शेयर आवंटित हुए थे, उन्हें लिस्टिंग के साथ ही अच्छा मुनाफा मिला.
शेयरधारक श्रेणी में जिन निवेशकों को कम से कम 23 शेयरों का लॉट मिला था, उन्हें 1,358 रुपये प्रति शेयर के लिस्टिंग भाव के हिसाब से 5,497 रुपये का फायदा हुआ. वहीं, खुदरा निवेशकों को 12 शेयरों के एक लॉट पर 2,868 रुपये का मुनाफा हुआ. इससे पहले भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी), हुंडई मोटर इंडिया और पेटीएम जैसे बड़े आईपीओ के शेयर बाजार में छूट के साथ लिस्ट हुए थे. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के शेयरों की लिस्टिंग इश्यू प्राइस से सिर्फ 1 फीसदी प्रीमियम पर हुई थी.
जियो IPO को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स
जियो प्लेटफॉर्म्स के 8,110 करोड़ रुपये के एंकर निवेशक हिस्से में संस्थागत निवेशकों ने जबरदस्त दिलचस्पी दिखाई. इस हिस्से के लिए 2.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की बोलियां मिलीं. यह पेशकश के लिए उपलब्ध रकम से 30 गुना से भी अधिक था. पूरे आईपीओ को 22.19 गुना सब्सक्रिप्शन मिला. यानी निवेशकों ने उपलब्ध शेयरों के मुकाबले 22.19 गुना ज्यादा शेयरों के लिए बोली लगाई. वहीं, योग्य संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी में मांग उपलब्ध शेयरों से 70.55 गुना ज्यादा रही.
भारती एयरटेल को पीछे छोड़े छोड़ा
शानदार लिस्टिंग के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज की देश के सबसे मूल्यवान कारोबारी समूह के रूप में स्थिति और मजबूत हुई. वहीं, बाजार पूंजीकरण के मामले में जियो प्लेटफॉर्म्स ने भारती एयरटेल को पीछे छोड़कर देश की सबसे मूल्यवान टेलीकॉम कंपनी का स्थान हासिल कर लिया.
इस मौके को मनाने के लिए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया में पारंपरिक गोंग बजाने का समारोह आयोजित किया गया. इसमें अंबानी परिवार के सदस्य और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए.
आकाश अंबानी बोले- उम्मीद से ज्यादा मिला निवेशकों का समर्थन
जियो प्लेटफॉर्म्स के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी ने लिस्टिंग समारोह में कहा कि निवेशकों की प्रतिक्रिया उनकी उम्मीदों से भी ज्यादा रही. उन्होंने कहा, “निवेशकों की प्रतिक्रिया ने हमारी कल्पना से भी आगे जाकर हर श्रेणी में रिकॉर्ड बनाए. लॉन्च होने के महज 95 मिनट के भीतर भारत के सबसे बड़े आईपीओ को पूरी तरह सब्सक्राइब कर लिया गया. भारत में ऐसा पहली बार इतनी तेजी से हुआ है.”
आकाश अंबानी ने कहा कि शेयर बाजार में लिस्टिंग कंपनी के लिए एक नए दौर की शुरुआत है. सार्वजनिक बाजार में आने के बाद शेयरधारकों के प्रति कंपनी की जिम्मेदारी और बढ़ गई है. उनके मुताबिक, आईपीओ के लिए 7.5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की बोलियां मिलीं और 1.3 करोड़ से अधिक आवेदन आए.
ग्राहकों को बेहतर सेवा देने पर जोर
आकाश अंबानी ने कहा कि कंपनी की प्राथमिकता डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाना, ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं देना और निवेशकों को लंबे समय तक टिकाऊ रिटर्न देना रहेगी. उन्होंने कहा, आपकी संपत्ति के ट्रस्टी के रूप में हमारा कर्तव्य है कि हम इसकी सुरक्षा करें और दशक दर दशक इसे बढ़ाएं. ऐसा करने का एकमात्र तरीका अपने ग्राहकों के लिए असाधारण मूल्य तैयार करना है.
उन्होंने जियो के बड़े ग्राहक आधार और उसके डिजिटल नेटवर्क की पहुंच का भी जिक्र किया. आकाश अंबानी के अनुसार, कंपनी के स्वदेशी डिजिटल प्लेटफॉर्म 54 करोड़ से ज्यादा ग्राहकों को सेवाएं दे रहे हैं. कंपनी भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी अपनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए डिजिटल बुनियादी ढांचे और सेवाओं का विस्तार करने की योजना बना रही है.
सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनियों में शामिल
आकाश अंबानी ने कहा, हम जियो को भारत और दुनिया में विकास, उत्कृष्टता और प्रतिष्ठा की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का वादा करते हैं. जियो प्लेटफॉर्म्स की सफल लिस्टिंग कंपनी के लिए एक बड़ा पड़ाव है. इसके साथ कंपनी देश की सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनियों में शामिल हो गई है. अब शेयर बाजार के निवेशकों को भी जियो की भविष्य की विकास यात्रा में भागीदारी का मौका मिल गया है.