Greater Noida News : ‘दिसंबर में शादी, पैसा निकलेगा 4 महीने बाद’, ग्रेटर नोएडा PNB में लाखों रुपये गायब होने से ग्राहकों में हड़कंप

Greater Noida News : ‘दिसंबर में शादी, पैसा निकलेगा 4 महीने बाद’, ग्रेटर नोएडा PNB में लाखों रुपये गायब होने से ग्राहकों में हड़कंप


Last Updated:

Greater noida ki local news : ग्रेटर नोएडा के पंजाब नेशनल बैंक से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिससे हर कोई हैरान है. किसी की फिक्स्ड डिपॉजिट में जमा रकम नहीं मिल रही है, तो किसी के सामने बेटे की शादी के लिए खर्च जुटाने का संकट खड़ा हो गया है. ऐसा बैंक से खाता धारकों के लाखों रुपये गायब होने की वजह से हो रहा है. ग्राहक अपनी जमा रकम वापस मिलने का इंतजार कर रहे हैं और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. लोकल 18 से रामकिशोर ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी उसी दिन हुई, जब वह बैंक से पैसे निकालने पहुंचे. ऐच्छर निवासी अमरपाल कहते हैं कि जब सरकारी बैंक में जमा पैसे सुरक्षित नहीं, तो लोग उसे कहां रखें.

ग्रेटर नोएडा. यूपी के ग्रेटर नोएडा में पंजाब नेशनल बैंक से खाता धारकों के लाखों रुपये गायब होने की शिकायतों के बीच पीड़ितों की परेशानी बढ़ गई है. किसी की फिक्स्ड डिपॉजिट में जमा रकम नहीं मिल रही है, तो किसी के सामने बेटे की शादी के लिए खर्च जुटाने का संकट खड़ा हो गया है. ग्राहकों का कहना है कि उन्होंने भविष्य की जरूरतों और परिवार के जरूरी कामों के लिए बैंक में अपनी जमा पूंजी रखी थी, लेकिन जब उन्हें पैसों की जरूरत पड़ी तो खाते में रकम नहीं होने की बात कही गई. अब पीड़ित अपनी जमा रकम वापस मिलने का इंतजार कर रहे हैं और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

लौटा दिया चेक

लोकल 18 से रामकिशोर ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी उसी दिन हुई, जब वह बैंक से पैसे निकालने पहुंचे. उनके बेटे की शादी दिसंबर में होनी है. शादी की तैयारियों के लिए पैसों की जरूरत थी, इसलिए वह बैंक पहुंचे थे. जब उन्होंने चेक भरकर पैसे निकालने की कोशिश की, तो उनका चेक वापस कर दिया गया. रामकिशोर ने बताया कि बैंक की ओर से उन्हें बताया गया कि उनके खाते में पैसे नहीं हैं. इस पर उन्होंने सवाल उठाया कि जब उन्होंने शादी के लिए पैसे जमा किए थे, तो अब खाते में रकम कैसे नहीं है. रामकिशोर के मुताबिक, उनके पास 18 लाख रुपये की एफडी थी. इसके बावजूद उन्हें अपनी जमा रकम नहीं मिल रही है. अब उन्हें चिंता सता रही है कि अगर समय पर पैसे नहीं मिले, तो बेटे की शादी टालनी पड़ सकती है. जब उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि उनकी रकम कब तक वापस मिलेगी और वह शादी कैसे करेंगे, तो उन्हें तीन से चार महीने लगने की बात बताई गई.

ऐच्छर निवासी अमरपाल ने भी खुद को इस मामले का पीड़ित बताते हुए अपनी जमा पूंजी वापस दिलाने की मांग की. वे कहते हैं कि उन्होंने जून में बैंक में पैसे जमा किए थे. उन्हें भरोसा था कि सरकारी बैंक में उनकी रकम सुरक्षित रहेगी, लेकिन अब उन्हें पता चला कि उनके पैसे गायब हो गए हैं. जब सरकारी बैंक में जमा पैसे ही सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो लोग अपनी रकम कहां रखें. उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में छोटे से लेकर बड़े स्तर तक के लोग शामिल हो सकते हैं. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. अमरपाल ने मांग की कि उनकी एफडी की रकम वापस दिलाई जाए और इस मामले में जो भी जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. उनका कहना है कि खाताधारकों ने भरोसे के साथ बैंक में अपनी मेहनत की कमाई जमा की थी. अब उन्हें अपने पैसे के लिए परेशान होना पड़ रहा है.

खाते में पैसे ज्यादा, दूसरे में जमा करने को कहा

छतर सिंह ने बताया कि बैंक की मैडम ने उनसे कहा था कि उनके खाते में ज्यादा पैसे हैं और उन्हें दूसरे खाते में रकम ट्रांसफर कर देनी चाहिए. जब उन्होंने बाद में अपने खाते की जानकारी ली, तो उन्हें पता चला कि खाते में पैसे ही नहीं हैं. संबंधित मैडम ने उनसे कहा था कि उनका काम हो जाएगा, लेकिन बाद में जांच करने पर उन्हें अपनी रकम नहीं मिली. अब वह भी अपनी जमा पूंजी वापस मिलने का इंतजार कर रहे हैं.



Source link