Jio IPO Listing: ‘मेरे लिए बिजनेस पूजा है’, जियो की लिस्टिंग पर अनंत अंबानी ने कही दिल छूने वाली बात

Jio IPO Listing: ‘मेरे लिए बिजनेस पूजा है’, जियो की लिस्टिंग पर अनंत अंबानी ने कही दिल छूने वाली बात


रिलायंस इंडस्ट्रीज के लिए 28 अक्टूबर का दिन सिर्फ कारोबार की बड़ी कामयाबी का नहीं, बल्कि भावनाओं से जुड़ा एक खास पल भी बन गया. जियो प्लेटफॉर्म्स की शेयर बाजार में लिस्टिंग के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की आंखें भी नम हो गईं. दरअसल, उनके बेटे अनंत अंबानी ने अपने भाषण में दादा धीरूभाई अंबानी के सफर, परिवार के सपनों और जियो को आगे बढ़ाने में मिले सहयोग का जिक्र किया. इस दौरान उन्होंने पिता मुकेश अंबानी के नए विजन और दादी के आशीर्वाद को भी याद किया.

जियो की शेयर बाजार में एंट्री रिलायंस ग्रुप के लिए एक बड़ा पड़ाव है. कंपनी के शेयर IPO के भाव से 21 फीसदी से ज्यादा प्रीमियम पर लिस्ट हुए. इसके साथ ही जियो करीब 12.6 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप के साथ देश की दूसरी सबसे वैल्युएबल लिस्टेड कंपनी बन गई. इस मौके पर अनंत अंबानी, आकाश अंबानी और ईशा अंबानी ने निवेशकों, कर्मचारियों और ग्राहकों का आभार जताया. लिस्टिंग सेरेमनी में अनंत अंबानी ने अपने भाषण की शुरुआत आभार जताते हुए की.

‘मेरे लिए बिजनेस पूजा की तरह’

रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने अपने भाषण में कहा कि उनके लिए शेयर बाजार में बजने वाली घंटी मंदिर की घंटी जैसी होगी, क्योंकि उनके लिए बिजनेस पूजा के समान है. उन्होंने कहा, ‘मेरे लिए बिजनेस पूजा है और हर पूजा के बाद प्रसाद बांटा जाता है. आज जियो को पूरे भारत के साथ बांटा जा रहा है.’ अनंत अंबानी ने जियो को मिले लोगों के प्यार का जिक्र करते हुए कहा कि देशभर के लोगों ने कंपनी को दुआएं दीं. किसी ने कहा, ‘जियो मेरे लाल’, तो दादी ने ‘जुग जुग जियो’ कहा और दोस्तों ने ‘जियो मेरे यार’ कहकर अपना प्यार जताया.

उन्होंने ये भी कहा कि जियो लोगों ने बनाया है और उनके सपनों को पूरा करना ही कंपनी का सपना है. उनके इस बयान में ग्राहकों और निवेशकों के प्रति आभार साफ नजर आया.

परिवार के सपनों और जिम्मेदारियों को आगे बढ़ाने की सोच

रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने अपने भाई आकाश और बहन ईशा अंबानी का जिक्र करते हुए कहा कि वे तीन शरीर हैं, लेकिन उनकी आत्मा एक है. उन्होंने कहा कि तीनों मिलकर परिवार के सपनों और जिम्मेदारियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने दादा धीरूभाई अंबानी के सपने, दादी के आशीर्वाद, पिता के मार्गदर्शन और मां की देखभाल को अपनी सीख का आधार बताया. उनके मुताबिक, परिवार से मिली इन सीखों ने उन्हें लोगों के प्रति विनम्र रहने और सबका ध्यान रखने का महत्व समझाया है.

अनंत ने कहा कि यह दिन सिर्फ परिवार का नहीं, बल्कि जियो से जुड़े हर व्यक्ति का है. उन्होंने फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों, टावरों पर चढ़कर नेटवर्क ठीक करने वाले तकनीशियनों, इंजीनियरों, स्टोर कर्मचारियों और कारोबारी साझेदारों का भी धन्यवाद किया.

डिजिटल इंडिया और विकसित भारत का जिक्र

अनंत अंबानी ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विजन के लिए भी आभार जताया. उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया की सोच ने जियो को अपना उद्देश्य तय करने में मदद की और कंपनी देश में डिजिटल सर्विसेस का विस्तार करने के लिए काम करती रहेगी. उन्होंने कहा कि जियो विकसित भारत के सपने को पूरा करने में आगे रहने की कोशिश करेगा.

जियो की लिस्टिंग के साथ रिलायंस समूह के डिजिटल कारोबार के लिए एक नया अध्याय शुरू हुआ है. मुकेश अंबानी की भावुक प्रतिक्रिया और अनंत अंबानी का भाषण इस मौके को परिवार की विरासत, कर्मचारियों की मेहनत और निवेशकों के भरोसे से जोड़ता है.

IPO के भाव से 21% से ज्यादा ऊपर लिस्ट हुए शेयर

जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयर बुधवार को 1,119 रुपये के IPO प्राइस के मुकाबले 1,358 रुपये पर लिस्ट हुए. यानी शेयर बाजार में एंट्री के साथ ही शेयर 239 रुपये या करीब 21.36 फीसदी के प्रीमियम पर खुले. इस मजबूत शुरुआत के बाद कंपनी का मार्केट कैप करीब 12.6 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया. इस आंकड़े के साथ जियो प्लेटफॉर्म्स देश की दूसरी सबसे वैल्युएबल लिस्टेड कंपनी बन गई. इस लिस्ट में पहले स्थान पर रिलायंस इंडस्ट्रीज बनी रही. जियो की लिस्टिंग को कंपनी के डिजिटल और टेलीकॉम कारोबार के लिए अहम कदम माना जा रहा है. अब आम निवेशक भी शेयर बाजार के जरिए कंपनी में निवेश कर सकते हैं.



Source link