ऐपल के पहले फोल्डेबल स्मार्टफोन iPhone Duo को लेकर एक बड़ी समस्या सामने आई है. फोन इस्तेमाल करने के कुछ ही घंटों या दिनों के भीतर कुछ यूजर्स की डिवाइस की अंदरूनी स्क्रीन पर दरारें दिखाई देने लगीं. अब ऐपल ने भी इस समस्या को स्वीकार कर लिया है.
कंपनी ने प्रभावित ग्राहकों को AppleCare से संपर्क करने और रिप्लेसमेंट यूनिट लेने की सलाह दी है. भारत में करीब ₹3 लाख कीमत वाले इस फोन की स्क्रीन में आई खराबी ने ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है.
iPhone Duo की स्क्रीन में कहां आ रही है दरार?
ऐपल आईफोन डुओ इस्तेमाल करने वाले कुछ ग्राहकों ने बताया कि फोन की इंटरनल डिस्प्ले पर हिंज यानी फोल्ड होने वाले हिस्से के पास दरारें दिखाई दे रही हैं. सामने आए मामलों में स्क्रीन पर एक वर्टिकल लाइन हिंज के ऊपर नजर आती है.
इसके अलावा, कुछ हॉरिजॉन्टल लाइनें फोल्ड के दाईं ओर दिखाई देती हैं, जो स्क्रीन के बीच से नीचे की तरफ एक जगह पर मिलती हैं. फोन की शुरुआती समीक्षाओं में बुक-स्टाइल डिस्प्ले के लिए ऐप्स की कमी का भी जिक्र किया गया था. हालांकि, स्क्रीन पर दरारें आने की समस्या हार्डवेयर से जुड़ी ज्यादा गंभीर चिंता बन गई है.
Apple ने क्या कहा?
ब्लूमबर्ग के पत्रकार Mark Gurman ने पहले बताया था कि ऐपल इस समस्या की जांच कर रहा है. उस समय कंपनी ने अपने स्टोर्स और कस्टमर सर्विस टीम को आगे की प्रक्रिया के बारे में स्पष्ट निर्देश नहीं दिए थे.
अब ऐपल ने समस्या स्वीकार करते हुए कहा है कि आईफोन डुओ की कुछ डिवाइसों की इंटरनल स्क्रीन प्रभावित हुई है. कंपनी के मुताबिक, जिन ग्राहकों को डिस्प्ले में समस्या आती है, उन्हें रिप्लेसमेंट के लिए AppleCare से संपर्क करना चाहिए.
हालांकि, ऐपल ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि स्क्रीन में दरारें आखिर किस वजह से आ रही हैं. कंपनी ने यह भी नहीं बताया कि प्रभावित डिवाइसों की संख्या कितनी है.
स्क्रीन रिपेयर में लग सकते हैं ₹1.5 लाख
iPhone Duo की स्क्रीन खराब होने पर रिपेयर का खर्च भी काफी ज्यादा बताया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, सक्रिय AppleCare+ प्लान नहीं होने पर इसकी डिस्प्ले रिपेयर कराने में भारत में करीब ₹1.5 लाख और अमेरिका में 999 डॉलर खर्च हो सकते हैं. यानी रिपेयर की कीमत फोन की कुल कीमत के लगभग आधे तक पहुंच सकती है.
ऐसे में प्रभावित ग्राहकों के लिए रिप्लेसमेंट का ऑप्शन राहत देने वाला हो सकता है. हालांकि, रिप्लेसमेंट की पात्रता और प्रक्रिया के लिए AppleCare से संपर्क करना जरूरी होगा.
iFixit ने हिंज मैकेनिज्म पर जताई आशंका
डिवाइस को खोलकर जांचने और रिपेयर करने वाली कंपनी iFixit ने स्क्रीन में दरार आने की संभावित वजह का विश्लेषण किया है. उसके मुताबिक, समस्या का संबंध फोन के हिंज मैकेनिज्म से हो सकता है.
iFixit ने आशंका जताई है कि स्क्रीन का मुड़ने वाला हिस्सा जब बीच में मौजूद बार के संपर्क में आता है, तो एक खास जगह पर दबाव बढ़ सकता है. इस दबाव के कारण स्क्रीन के उसी हिस्से में दरार आने का खतरा हो सकता है. हालांकि, यह फिलहाल एक संभावित वजह है, इसकी आधिकारिक पुष्टि ऐपल ने नहीं की है.
फिलहाल प्रभावित iPhone Duo यूजर्स को सलाह दी गई है कि वे स्क्रीन में किसी भी तरह की दरार या खराबी दिखने पर AppleCare से संपर्क करें.