Last Updated:
यूएई जाने की तैयारी कर रहे हैं तो यह खबर आपके काम की है. भारत ने संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा करने वाले अपने नागरिकों को सफर शुरू करने से पहले हेल्थ इंश्योरेंस लेने की सलाह दी है. दुबई में भारतीय दूतावास के अनुसार, कई भारतीयों को अचानक बीमारी या मेडिकल इमरजेंसी के कारण भारी-भरकम बिल चुकाने पड़े हैं. एडवाइजरी में कैशलेस इलाज और इमरजेंसी में मरीज को भारत वापस लाने का खर्च भी इंश्योरेंस में शामिल करने की सलाह दी गई है.
यूएई जाने से पहले भारतीय नागरिक पर्याप्त हेल्थ इंश्योरेंस कराने की सलाह दी गई है. (एआई इमेज)
दुबई न्यूज. संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) जाने की तैयारी कर रहे भारतीय नागरिकों के लिए जरूरी खबर है. भारत ने अपने नागरिकों को सलाह दी है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले पर्याप्त हेल्थ इंश्योरेंस जरूर करा लें. ऐसा इसलिए क्योंकि यूएई में कई भारतीयों को अचानक बीमारी या मेडिकल इमरजेंसी के दौरान भारी-भरकम बिल चुकाने पड़ रहे हैं. दुबई में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह एडवाइजरी जारी की है. इसमें कहा गया है कि यूएई घूमने या किसी दूसरे काम से जाने वाले भारतीय नागरिक अपनी यात्रा से पहले उचित हेल्थ इंश्योरेंस जरूर लें.
कैसा होना चाहिए हेल्थ इंश्योरेंस?
- भारतीय मिशन ने सलाह दी है कि हेल्थ इंश्योरेंस में कैशलेस इलाज की सुविधा भी होनी चाहिए. इसके अलावा, अगर किसी इमरजेंसी में मरीज को इलाज के लिए भारत वापस लाने की जरूरत पड़ती है, तो उसका खर्च भी इंश्योरेंस में कवर होना चाहिए.
- इसे मेडिकल रिपैट्रिएशन कहा जाता है. भारतीय मिशन के मुताबिक, अबू धाबी में भारतीय दूतावास और दुबई के महावाणिज्य दूतावास को ऐसे कई मामले मिले हैं, जिनमें भारतीय नागरिकों को अचानक मेडिकल इमरजेंसी का सामना करना पड़ा है.
- इन मामलों में मरीजों और उनके परिवारों को इलाज के लिए भारी रकम चुकानी पड़ी है. कई बार मेडिकल बिल इतने ज्यादा थे कि मरीज या उनके परिवार के लिए उन्हें भरना मुश्किल हो गया. इसकी एक बड़ी वजह हेल्थ इंश्योरेंस का पर्याप्त नहीं होना था.
यूएई में रहने वाले भारतीय भी रखें ध्यान
यह सलाह सिर्फ घूमने या कुछ दिनों के लिए यूएई जाने वाले भारतीयों के लिए ही नहीं है. भारतीय दूतावास ने वहां रोजगार वीजा पर रहने वाले भारतीयों और उनके साथ रहने वाले परिवार के सदस्यों यानी डिपेंडेंट्स को भी अपने हेल्थ इंश्योरेंस की जांच करने को कहा है. उन्हें सलाह देते हुए बताया गया है कि उनका इंश्योरेंस यूएई में इलाज के खर्च के साथ-साथ जरूरत पड़ने पर भारत वापस लाने का खर्च भी कवर करता हो. लिहाजा, आप यात्रा से पहले इंश्योरेंस की शर्तें जरूर पढ़ लें, ताकि किसी अचानक बीमारी या मेडिकल इमरजेंसी के समय इलाज का खर्च परिवार पर भारी न पड़े.