दिवाली पर घर में बनाएं पटना की फेमस A1 चौरसिया जैसी चंद्रकला, स्वाद ऐसा कि मेहमान भी पूछेंगे रेसिपी!

दिवाली पर घर में बनाएं पटना की फेमस A1 चौरसिया जैसी चंद्रकला, स्वाद ऐसा कि मेहमान भी पूछेंगे रेसिपी!


पटना: दिवाली का त्योहार हो और घर में मिठाइयों की बात न हो, भला ऐसा कैसे हो सकता है! रोशनी के इस त्योहार पर बाजार से मिठाइयां खरीदने के साथ-साथ अगर घर पर ही कुछ खास और पारंपरिक बनाया जाए, तो त्योहार का मजा दोगुना हो जाता है. बिहार की राजधानी पटना में मिठाइयों के शौकीनों के बीच चंद्रकला भी काफी पसंद की जाती है. खास तौर पर A1 चौरसिया जैसी चंद्रकला का स्वाद लोगों को खूब आकर्षित करती है. इसकी खासियत है बाहर से सुनहरा और हल्का कुरकुरा, अंदर खोया और ड्राई फ्रूट्स की भरपूर मिठास और ऊपर से चाशनी की परत. अगर आप भी इस दिवाली घर पर ऐसी ही स्वादिष्ट चंद्रकला बनाना चाहते हैं, तो थोड़ी मेहनत और सही तरीके से इसे तैयार कर सकते हैं.

चंद्रकला बनाने के लिए सामग्री

चंद्रकला बनाने के लिए मैदा, घी, खोया, काजू, बादाम, पिस्ता और किशमिश, इलायची पाउडर, चीनी, पानी और रिफाइंड ऑयल चाहिए.

ऐसे तैयार करें चंद्रकला

चंद्रकला बनाने की शुरुआत उसकी बाहरी परत से होती है. इसके लिए एक बड़े बर्तन में मैदा लें और उसमें घी डालें. अब दोनों हाथों से मैदा और घी को अच्छी तरह मिलाएं. मिश्रण को हथेली में दबाने पर अगर वह कुछ हद तक एक साथ बंधने लगे, तो समझिए कि घी अच्छी तरह मिल गया है. इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर मैदा गूंथें. ध्यान रखें कि आटा न तो बहुत सख्त हो और न ही ज्यादा नरम. इसे पूरी के आटे से थोड़ा नरम रखा जा सकता है, ताकि बेलते समय किनारे फटें नहीं. अब इसे ढककर 20 मिनट के लिए रख दें, ताकि आटा अच्छी तरह सेट हो जाए.

तैयार करें खोया की स्टफिंग

दूध से बने खोया को एक कड़ाही में डालकर धीमी आंच पर हल्का भूनें. लगातार चलाते रहें, ताकि खोया नीचे चिपके नहीं. जब उसका अतिरिक्त नमी वाला हिस्सा कम हो जाए और उसमें से अच्छी खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें. अब खोया को पूरी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद इसमें बारीक कटे काजू, बादाम, पिस्ता, किशमिश और इलायची पाउडर मिलाएं. मिठास के लिए हल्का पिसी चीनी डाल सकते हैं. सबको एकसार मिला लें. इसके बाद खोया से छोटी छोटी बॉल्स बना लें.

बनाएं चंद्रकला का आकार

अब आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर गोल पुड़ियां बेल लें. एक पुड़ी के बीच में खोया का बॉल्स रखें. इसके ऊपर दूसरी पुड़ी रखकर फिर उंगलियों से किनारों को मोड़कर सुंदर डिजाइन बनाएं. ध्यान रखें कि किनारे अच्छी तरह बंद हों, ताकि तलते समय स्टफिंग बाहर न निकले.

सुनहरा होने तक तलें

कड़ाही में रिफाइंड ऑयल गर्म करें. अब चंद्रकला को धीमी से मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. तेज आंच पर तलने से बाहरी परत जल्दी लाल हो सकती है, जबकि अंदर का हिस्सा ठीक से नहीं पकता. तलने के बाद इसे निकालकर अतिरिक्त तेल निकलने दें.

आखिर में चाशनी में डुबोएं

चाशनी बनाने के लिए एक बर्तन में चीनी और पानी डालकर गर्म करें. चीनी घुलने के बाद इसे कुछ मिनट पकाएं और इलायची पाउडर मिला दें. चाशनी हल्की गाढ़ी हो जाए, तो तली हुई चंद्रकला को इसमें कुछ मिनट के लिए डुबोकर रखें. इसके बाद निकालकर प्लेट में रख दें. अब आपकी स्वादिष्ट चंद्रकला तैयार है. इसे कटे हुए पिस्ता और बादाम से सजाकर मेहमानों को परोस सकते हैं.



Source link