Last Updated:
मुंबई के बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट में शिल्पा राव की परफॉर्मेंस रोके जाने के बाद काफी विवाद हुआ. विवाद बढ़ा तो लोगों ने कुतले खान को काफी ट्रोल किया. उन्होंने कहा कि वे सिर्फ आर्गेनाइजर के निर्देशों का पालन कर रहे थे और इस विवाद से उनकी दोस्ती पर असर पड़ा.
शिल्पा राव की परफॉरमेंस अचानक रोक दी गई थी.
नई दिल्ली: मुंबई में ‘बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट’ के दौरान शिल्पा राव की परफॉरमेंस में आई रुकावट ने काफी विवाद खड़ा कर दिया है. 24 अक्टूबर को हुई घटना के वक्त पास के ही एक मंच पर परफॉर्म कर रहे कुतले खान ने इंस्टाग्राम वीडियो के जरिए अपना पक्ष रखा है. कुतले खान का कहना है कि उन्होंने फेस्टिवल ऑर्गेनाइजर के निर्देशों का पालन किया. कुतले खान ने विवाद पर बात करते हुए कहा कि सभी कलाकारों को एक तय समय दिया गया था और वह सिर्फ फेस्टिवल आर्गेनाइजर के निर्देशों का पालन कर रहे थे. उन्होंने कहा, ‘वहां असल में क्या हुआ, इस पर मैं अपना पक्ष रखना चाहता हूं. वहां परफॉर्म करने आए सभी कलाकारों के लिए समय तय था और शिल्पा का समय भी पहले से निर्धारित था.’
विवाद तब शुरू हुआ, जब शिल्पा की परफॉरमेंस अचानक रोक दी गई. जब वह दर्शकों से बात कर रही थीं और उन्हें धन्यवाद दे रही थीं, तभी उनका माइक्रोफोन और मंच की लाइटें बंद कर दी गईं. उसी समय, पास के मंच पर कुतले ने अपनी परफॉरमेंस शुरू कर दी और उनके संगीत की आवाज शिल्पा की आखिरी बातों के साथ मिल गई. कुतले खान ने इस तकनीकी समस्या के बारे में बात करते हुए कहा कि उन्हें नहीं पता कि शिल्पा का माइक्रोफोन और लाइटें क्यों बंद की गईं. उन्होंने यह भी साफ किया कि इसमें उनकी टीम की कोई गलती नहीं थी. उन्होंने कहा, ‘परफॉरमेंस के दौरान उनका माइक्रोफोन और लाइटें बंद कर दी गईं. मुझे नहीं पता कि ऐसा कैसे हुआ और ऐसा बिल्कुल नहीं होना चाहिए था. हमारी तरफ से तो ऐसा बिल्कुल नहीं हुआ है. क्या गलत हुआ, यह या तो फेस्टिवल के आयोजक जानते होंगे या फिर उनके इंजीनियर.’
View this post on Instagram