Last Updated:
देवास के चंदाना-बिंजाना गांव में अवैध शराब से मौतों के बाद बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है. शासन द्वारा कलेक्टर और एसपी को हटाने के बाद अब मध्य प्रदेश आबकारी आयुक्त ने जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया और उपनिरीक्षक राजश्री खन्ना को निलंबित कर दिया है. मामले में 10 लोगों पर एफआईआर भी दर्ज हुई है.
AI Image
Dewas News: मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब से मौतों के मामले में शासन ने एक और बड़ी कार्रवाई की है. देवास के कलेक्टर और एसपी को हटाने के बाद अब जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. आबकारी आयुक्त मध्य प्रदेश ने यह निलंबन आदेश जारी किया है.
उपनिरीक्षक भी निलंबित, उज्जैन अटैच
इस मामले में केवल जिला आबकारी अधिकारी ही नहीं, बल्कि आबकारी उपनिरीक्षक राजश्री खन्ना पर भी गाज गिरी है. राजश्री खन्ना को भी निलंबित कर दिया गया है और उन्हें उज्जैन संभागीय आबकारी कार्यालय से अटैच किया गया है.
15 और 18 अक्टूबर की घटनाएं
यह पूरा मामला देवास के चंदाना-बिंजाना गांव का है. यहां 15 और 18 अक्टूबर को दो अलग-अलग लोगों की मौतें हुई थीं. हालांकि, कांग्रेस व स्थानीय लोग 20 दिन में 13 मौतों का दावा कर रहे हैं. घटना की जांच के दौरान गांव में अवैध शराब की बिक्री का मामला खुलकर सामने आया.
लापरवाही का आरोप और 10 लोगों पर केस
आबकारी विभाग के अधिकारियों पर अपने क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर नियंत्रण न रख पाने का आरोप है. साथ ही उन पर अपने अधीनस्थ अमले की निगरानी में भारी लापरवाही बरतने का आरोप लगा है. इस मामले में पुलिस ने अवैध शराब बेचने के आरोप में 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. देवास कोतवाली में अपराध क्रमांक 768/2026 और आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है.
कलेक्टर और एसपी पर पहले ही हो चुकी है कार्रवाई
बता दें कि इस कांड के सामने आने के बाद राज्य सरकार ने पहले ही देवास जिले में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल कर दिया था. सरकार ने देवास के तत्कालीन कलेक्टर ऋतुराज का तबादला कर उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग भेज दिया था. वहीं देवास के एसपी पुनीत गहलोत को पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय भेजा गया था.
जिले में नए अधिकारियों की कमान
सरकार ने देवास जिले की कमान नए अधिकारियों को सौंपी है. बालाघाट के एसपी आदित्य मिश्रा को देवास का नया एसपी बनाया गया है. इसी तरह सिवनी की कलेक्टर नेहा मीना का तबादला कर उन्हें देवास के नए कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है. अब आबकारी अधिकारियों के निलंबन से विभाग में हड़कंप मच गया है.