बस चंद घंटे और… आंध्र के तट से टकराने वाला है अरनब, 135 Kmh से मचेगी तबाही
Last Updated:
बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान ‘अरनब’ आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों की तरफ तेजी से बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, 28 अक्टूबर की सुबह यह तूफान 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तट को पार कर सकता है, जबकि हवा के झोंके 150 किमी/घंटा तक पहुंच सकते हैं. विशाखापत्तनम और काकीनाडा के पास इसका सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है.
चक्रवाती तूफान ‘अरनब’ का असर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों में दिखना शुरू हो गया है. (Image: AI)
Weather News: बंगाल की खाड़ी में उठा अति भीषण चक्रवाती तूफान ‘अरनब’ अब आंध्र प्रदेश के तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है. करीब 135 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहे इस तूफान ने आंध्र प्रदेश से दक्षिण ओडिशा तक चिंता बढ़ा दी है. आंशका जताई गई कि तट से टकराने के बाद हवा की रफ्तार 135 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 150 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. भारत मौसम विज्ञान विभाग की तरह से 27 अक्टूबर को जारी बुलेटिन के अनुसार, तूफान पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय है और पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा की तरफ आगे बढ़ रहा है. तूफान को तेज रफ्तार को देखते हुए तटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है.
28 अक्टूबर की सुबह तट से टकराने का अनुमान
- मौसम विभाग के मुताबिक, 27 अक्टूबर को दोपहर 2:30 बजे चक्रवाती तूफान विशाखापत्तनम से करीब 170 किलोमीटर दक्षिण और काकीनाडा से लगभग 140 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में मौजूद था.
- पिछले छह घंटों में तूफान करीब 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ा है. तूफान की मौजूदा स्थिति को देखते हुए आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में खतरा बढ़ गया है. खासकर समुद्र के करीब रहने वाले लोगों के लिए अगले कुछ घंटे बेहद अहम माने जा रहे हैं.
- चक्रवाती तूफान ‘अरनब’ के 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश और यानम के तट के बीच, यानम के दक्षिण में, बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट पार करने की आशंका जताई गई है.
- तट से टकराने के दौरान तूफान की अनुमानित रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है. वहीं, हवा के झोंके 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.
- तूफान की इस रफ्तार की वजह से आंध्र प्रदेश से दक्षिण उडिशा तक के तटीय इलाकों में पेड़ों, बिजली के खंभों, अस्थायी ढांचों और यातायात व्यवस्था के लिए मुश्किल पैदा हो सकती हैं.
आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा में रेड अलर्ट
तूफान की गंभीरता को देखते हुए मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के आसपास के तटीय इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने प्रशासन और तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए सतर्क रहने के लिए कहा गया है. चक्रवात के दौरान समुद्र में ऊंची लहरें, तेज हवाएं और भारी बारिश जैसी परिस्थितियां पैदा हो सकती हैं. मछुआरों को समुद्र में ना जाने की सलाह दी गई है. साथ ही, पर्यटको के समुद्र तट की तरफ जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. समुद्र के आसपास मौजूद लोगों को प्रशासन की सलाह का पालन करने को कहा गया है.