Last Updated:
दलेर मेहंदी के उत्तराखंड में हुए लाइव शो पर मचे बवाल के बीच अब सिंगर मीका सिंह ने ऐसा तंज कसा है, जो चर्चा में आ गया है. मंत्री सुबोध उनियाल की नाराजगी पर अपनी बात रखते हुए मीका ने कहा कि शो में मौजूद ऑडियंस तो खूब एन्जॉय कर रही थी और गानों पर डांस कर रही थी, लेकिन मंत्री साहब को ही परेशानी हो रही थी. मीका ने लाइव शो के एक्सपीरियंस को शेयर करते हुए यह भी बताया कि जब दर्शकों को किसी भी कलाकार की परफॉर्मेंस पसंद नहीं आती, तो वे खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हैं, झिझकते नहीं है.
दलेर मेहंदी विवाद पर मंत्री सुबोध उनियाल को लेकर मीका ने कही ये बात
नई दिल्ली. सिंगर दलेर मेहंदी के उत्तराखंड में हुए लाइव शो को चर्चा अभी भी बंद नहीं हुई है. उत्तराखंड में हुए इवेंट के दौरान राज्य के मंत्री सुबोध उनियाल की नाराजगी के बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया. अब इस विवाद पर सिंगर मीका सिंह ने भी फिर से अपनी बात रखी है. उन्होंने कुछ तंज कसने वाले अंदाज में कहा कि शो में मौजूद दर्शक तो परफॉर्मेंस का मजा ले रहे थे, लेकिन मंत्री साहब नाराज नजर आए थे.
दलेर मेहंदी को उत्तराखंड में हुए इवेंट के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा था कि वह शराब के नशे में हैं, उनसे बोला भी नहीं जा रहा, वह सिर्फ लिपसिंग कर लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं. इसके बाद ये विवाद खूब बढ़ गया. मीका सिंह के अलावा भी इंडस्ट्री के लोगों ने उन्हें सपोर्ट किया था. इनमें खुद मीका सिंह के अलावा पलाश सेन, कपिल शर्मा, इला अरुण, अनुपम खेर और सुदेश लहरी जैसे सितारों ने भी सिंगर के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया था. अब मीका ने कहा है कि गाना पसंद नहीं आता तो ऑडियंस बता देती है.
मीका ने मंत्री पर कसा तंज
मीका सिंह ने लाइव शो से जुड़ा अपना अनुभव शेयर करते हुए कहा कि अगर किसी कलाकार की परफॉर्मेंस दर्शकों को पसंद नहीं आती, तो वे अपनी नाराजगी जाहिर करने में पीछे नहीं रहते. कई बार तो लोग गाना बदलने तक के लिए कह देते हैं.मीका के मुताबिक, उनके साथ भी ऐसा होता है. उन्होंने बताया कि उनके कई गाने हिट हैं, लेकिन जब वह किसी शो में ऐसा गाना गाने लगते हैं, जो लोगों को पसंद नहीं आता, तो दर्शक उनसे गाना बदलने के लिए कह देते हैं. सिंगर ने कहा कि आजकल ऑडियंस को परफॉर्मेंस पसंद नहीं आती, तो लोग सीधे कह देते हैं कि उन्हें मजा नहीं आ रहा है और वे वहां से जाने लगते हैं. यानी लाइव शो में दर्शकों की प्रतिक्रिया से ही पता चल जाता है कि उन्हें कलाकार का काम पसंद आ रहा है या नहीं.
दलेर मेहंदी के शो में दर्शक कर रहे थे डांस
बता दें कि दरअसल, उत्तराखंड में सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दौरान दलेर मेहंदी ने लाइव परफॉर्मेंस दी थी. इसी कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया. खबरों के मुताबिक, मंत्री सुबोध उनियाल ने कार्यक्रम खत्म होने से पहले ही शो रुकवा दिया था. बताया गया कि मंत्री ने नवरात्र के दौरान आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में दलेर मेहंदी की परफॉर्मेंस पर सवाल उठाए थे. उन पर नशे में होने और लिप-सिंक करने जैसे आरोप भी लगाए गए थे. हालांकि, ये आरोप विवाद का हिस्सा हैं और इन्हें साबित हुआ तथ्य नहीं माना जाना चाहिए.