Last Updated:
King vs Dhurandhar 2: शाहरुख खान की ‘किंग’ अभी सिनेमाघरों में पहुंची भी नहीं है लेकिन फिल्म को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. इस बार वजह इसकी कहानी या स्टारकास्ट नहीं, बल्कि एक पोस्टर है. जिसने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है. आग के बीच शाहरुख के अंदाज को देखकर यूजर्स को रणवीर सिंह की एक फिल्म याद आ गई. इसके बाद कॉमेंट्स की बाढ़ आ गई.
शाहरुख खान के ‘किंग’ पोस्टर पर नेटिजन्स भड़के.
नई दिल्ली. बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान की फिल्मों का इंतजार फैंस बेसब्री से करते हैं. उनकी आने वाली फिल्म ‘किंग’ भी लंबे समय से चर्चा में है. कभी फिल्म की स्टारकास्ट सुर्खियां बटोरती है तो कभी शाहरुख का दमदार अंदाज फैंस के बीच एक्साइटमेंट बढ़ा देता है. लेकिन इस बार फिल्म का नया पोस्टर तारीफों के बजाय विवाद की वजह बन गया है. सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने इसकी तुलना रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ से कर दी है. इतना ही नहीं, कुछ लोगों ने पोस्टर को कॉपी बताते हुए मेकर्स पर सवाल भी उठाए हैं.
सोशल मीडिया पर आ रहे हैं रिएक्शन
पोस्टर सामने आते ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कुछ यूजर्स ने इसकी तुलना रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ के पोस्टर से करनी शुरू कर दी. कुछ लोगों ने इसे सस्ता एआई जनरेशन बताया, जबकि कुछ ने आरोप लगाया कि फिल्म के पोस्टर का लुक दूसरी फिल्म से मिलता-जुलता है.
यूजर्स ने किए ऐसे कॉमेंट्स
एक यूजर ने शाहरुख के पोस्टर पर रिएक्शन देते हुए लिखा कि कोई आग, फ्रेम और लुक की नकल करने की कोशिश कर सकता है, लेकिन धुरंधर नहीं बन सकता. वहीं, एक अन्य यूजर ने पोस्टर को लेकर कॉपी करने का आरोप लगाया और फिल्म की कहानी की तुलना हॉलीवुड फिल्म ‘लियोन: द प्रोफेशनल’ से भी की.
एक दूसरे यूजर ने दावा किया कि ‘किंग’ का ऑफिशियल पोस्टर ‘धुरंधर 2’ के पोस्टर से कॉपी किया गया है. कुछ यूजर्स ने पोस्टर के विजुअल्स पर भी सवाल उठाए. हालांकि, सोशल मीडिया पर सभी रिएक्शन एक जैसी नहीं हैं. कुछ फैंस शाहरुख के नए लुक को पसंद भी कर रहे हैं.
कब रिलीज होगी शाहरुख खान की ‘किंग’?
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म में शाहरुख खान के साथ सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, दीपिका पादुकोण, अनिल कपूर, रानी मुखर्जी, जयदीप अहलावत, जैकी श्रॉफ, राघव जुयाल और अभय वर्मा भी नजर आएंगे. फिल्म को रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स बना रहे हैं. फिल्म की रिलीज में अभी वक्त है, लेकिन पोस्टर ने पहले ही सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है.