पहली शादी मंदिर में, दूसरी कोर्ट में… फिर प्यार का खौफनाक अंत, कानपुर में काजल हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार

पहली शादी मंदिर में, दूसरी कोर्ट में… फिर प्यार का खौफनाक अंत, कानपुर में काजल हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार


कानपुर: चकेरी थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी पप्पू पासवान को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में महिला काजल उर्फ हसीना खातून उर्फ दिया की गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की है. आरोपी को 25 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 8:10 बजे सनिगवां चौकी क्षेत्र स्थित गोकुल ग्राउंड के पास से गिरफ्तार किया गया.

पुलिस उपयुक्त सत्यजीत गुप्ता के अनुसार, 24 अक्टूबर को देवरिया जिले के बघौचघ थाना क्षेत्र के विशुनपुरा निवासी नाजिया खातून ने अपनी बहन काजल की हत्या के संबंध में चकेरी थाने में तहरीर दी थी. आरोप लगाया गया कि पप्पू पासवान ने शादी का झांसा देकर काजल का शारीरिक शोषण किया. शादी का दबाव बनाने पर आरोपी और उसके साथी ने मिलकर 21-22 अक्टूबर को उसकी हत्या कर दी. थाना चकेरी में मुकदमा संख्या 714/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 और 103(1) में मुकदमा दर्ज किया गया.

2021 में हुई थी मुलाकात, वर्ष 2022 में शादी का दावा
पुलिस उपयुक्त सत्यजीत गुप्ता के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी पप्पू पासवान ने बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है. वर्ष 2021 में कांशीराम कॉलोनी में मकान की मरम्मत के दौरान उसकी मुलाकात काजल से हुई थी. इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं. आरोपी ने दावा किया कि वर्ष 2022 में दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी, जबकि वह पहले से शादीशुदा था. इस मामले को लेकर बिधनू थाने में उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हुआ था.

आरोपी के अनुसार, इसके बाद भी दोनों के बीच विवाद होते रहते थे. उसने आरोप लगाया कि काजल उस पर अपनी पत्नी से तलाक लेकर उससे शादी करने का दबाव बनाती थी और पुराने मुकदमे में सजा दिलाने की धमकी देती थी. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इन्हीं विवादों से परेशान होकर हत्या की योजना बनाने की बात कही.

किराए के मकान में गला दबाकर हत्या करने का आरोप
DCP पूर्वी सत्यजीत गुप्ता के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि 21 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12 बजे स्वर्ण जयंती विहार स्थित किराए के मकान में दोनों के बीच फिर विवाद हुआ. इसी दौरान उसने कथित तौर पर दोनों हाथों से काजल का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद वह शव को कमरे में छोड़कर फरार हो गया.

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर किया गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर को चकेरी पुलिस शांति व्यवस्था और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के साथ मामले में वांछित आरोपी की तलाश कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पप्पू पासवान गोकुल ग्राउंड के पास खड़ा है और शहर छोड़कर भागने की फिराक में है. सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पप्पू पासवान पुत्र शिवराम, निवासी पीपरगवां, थाना सेन पश्चिम पारा, कानपुर नगर, उम्र करीब 42 वर्ष के रूप में हुई है.

पहले से भी दर्ज है मुकदमा
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 में बिधनू थाने में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 323, 494, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था. वर्तमान मामले में चकेरी थाने में बीएनएस की धारा 69 और 103(1) के तहत कार्रवाई की गई है.



Source link