Last Updated:
Allahabad Crime News: प्रयागराज के नैनी में पुराने यमुना ब्रिज के नीचे युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान औद्योगिक थाना क्षेत्र के लवायन कला गांव निवासी धीरज निषाद के रूप में हुई है. धीरज रविवार शाम से लापता था. उसकी मां बेला देवी ने बेटे के ससुरालियों पर हत्या कर गायब करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी.
मृतक की तस्वीर.
प्रयागराज: पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज के यमुनानगर जोन में युवक की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई. औद्योगिक थाना क्षेत्र के लवायन कला गांव निवासी धीरज निषाद रविवार शाम से लापता था. परिजन उसकी तलाश कर रहे थे. इस बीच नैनी स्थित पुराने यमुना ब्रिज के नीचे युवक का शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया.
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराई तो मृतक धीरज निषाद निकला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
रविवार शाम से लापता था धीरज
जानकारी के मुताबिक, धीरज निषाद रविवार शाम से घर से लापता था. काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो उसकी मां बेला देवी ने पुलिस से शिकायत की. मां ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि उनके बेटे के ससुरालियों ने उसकी हत्या कर शव गायब कर दिया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी.
पुराने यमुना ब्रिज के नीचे मिला शव
इसी बीच पुलिस को नैनी में पुराने यमुना ब्रिज के नीचे एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की. शव की पहचान कराने पर परिजनों ने मृतक की शिनाख्त धीरज निषाद के रूप में की. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
चार संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
एडीसीपी यमुनानगर जोन विजय आनंद के मुताबिक, मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है. अधिकारियों ने जल्द ही हत्याकांड का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है.