पटना. गुलाबी ठंड के बीच बिहार में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. कल यानी 27 अक्टूबर को मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. राज्य के ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहेगा. लेकिन बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ ने राज्य में हलचल बढ़ा दी है. मौसम विभाग के मुताबिक 28 अक्टूबर से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. 29 और 30 अक्टूबर को कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है.
कल कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक 27 अक्टूबर को बिहार में किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी नहीं है. राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. यानी कल लोगों को बारिश से राहत मिल सकती है. हालांकि, यह राहत ज्यादा दिनों तक रहने की उम्मीद नहीं है. 28 अक्टूबर से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है. इस दौरान दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान
- मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बन रहा है. 26 अक्टूबर की सुबह यह पूर्व-मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद था. इस चक्रवाती तूफान का नाम अर्णब रखा गया है.
- इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने का अनुमान है. इसके 26 अक्टूबर की रात तक गंभीर चक्रवाती तूफान और 27 अक्टूबर को बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई गई है. इसके 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट के पास पहुंचने का अनुमान है.
तूफान का असर
28 अक्टूबर को इन जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट
मौसम विभाग ने 28 अक्टूबर को बिहार के दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवा चलने की संभावना जताई है.
इन जिलों में मौसम का असर दिख सकता है
दक्षिण-पश्चिम बिहार: रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद.
दक्षिण-मध्य बिहार: पटना, गया, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और बेगूसराय.
दक्षिण-पूर्व बिहार: भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया.
29 अक्टूबर को बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की आशंका
- 29 अक्टूबर को बारिश का दायरा बढ़ सकता है. मौसम विभाग ने राज्य के उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम हिस्सों के साथ गया, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर, पटना, शिवहर, सीतामढ़ी और वैशाली में भारी बारिश की संभावना जताई है.
- वहीं, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और गोपालगंज में अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है. राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
30 और 31 अक्टूबर को भी बारिश से राहत मिलने के आसार कम
- मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 30 अक्टूबर को उत्तर-मध्य बिहार के जिलों के साथ सारण और सीवान में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
- 31 अक्टूबर को उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में तेज हवा के साथ वज्रपात हो सकता है. अररिया और किशनगंज में भारी बारिश की आशंका जताई गई है.
- 1 नवंबर को दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. कुछ जगहों पर बारिश होने का भी अनुमान है.
तापमान में भी आएगी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक बिहार के अधिकतम तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है. इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. बारिश और बादलों के कारण दिन के तापमान में कमी आ सकती है. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.