Agency:एजेंसियां
Last Updated:
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) ने नैस्डैक पर ANT सिंबल के तहत लिस्ट होने के लिए SEC में आईपीओ पेपर जमा कर दिए हैं. 1.5 ट्रिलियन डॉलर के अनुमानित वैल्यूएशन वाली यह कंपनी मध्य-नवंबर में बाजार में उतर सकती है. OpenAI की प्रमुख प्रतिद्वंद्वी इस कंपनी को एमेजॉन और गूगल का समर्थन प्राप्त है और इसका आईपीओ शेयर बाजार में एआई कंपनियों के भविष्य के लिए एक बड़ा बेंचमार्क साबित होगा.
Anthropic आईपीओ लाने वाली है.
एआई कंपनी एंथ्रोपिक ने शेयर बाजार में उतरने का ऐलान कर दिया है. कंपनी ने सोमवार को अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग (SEC) के पास IPO के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट जमा कर दिए हैं. यह आईपीओ ऐसे समय में आ रहा है जब दुनिया भर के निवेशकों की नजरें एआई कंपनियों के भारी-भरकम वैल्यूएशन और उनके इंफ्रास्ट्रक्चर पर हो रहे बेतहाशा खर्च पर टिकी हुई हैं.
डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, एंथ्रोपिक की योजना नैस्डैक ग्लोबल सिलेक्ट मार्केट पर अपने क्लास-ए कॉमन स्टॉक को लिस्ट कराने की है. शेयर बाजार में इस कंपनी का ट्रेडिंग सिंबल ANT होगा. हालांकि, कंपनी ने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वह आम निवेशकों के लिए कितने शेयर जारी करेगी या आईपीओ का प्राइस बैंड क्या होगा. वर्तमान में प्रमोटर्स और मौजूदा निवेशकों के पास कंपनी के लगभग 1.7 अरब क्लास-ए शेयर मौजूद हैं. यह आईपीओ एंथ्रोपिक को वह जरूरी कैपिटल मुहैया कराएगा, जिसकी जरूरत उसे अपने एडवांस एआई मॉडल्स को विकसित करने और उनके महंगे कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को चलाने के लिए है.
वैल्यूएशन पर निवेशकों का मंथन
एंथ्रोपिक का यह आईपीओ वॉल स्ट्रीट के लिए एक बड़ा बेंचमार्क साबित होने वाला है, जिससे यह तय होगा कि शेयर बाजार एआई कंपनियों को कितनी अहमियत देता है. हाल ही में कंपनी के एक इन्वेस्टर इवेंट में सामने आए वित्तीय आंकड़ों के बाद, मौजूदा और संभावित निवेशक एंथ्रोपिक का वैल्यूएशन करीब 1.5 ट्रिलियन डॉलर आंका रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि महज एक हफ्ते पहले तक इसके 2 ट्रिलियन डॉलर होने का अनुमान लगाया जा रहा था. मई महीने में एक फंडिंग राउंड के दौरान इस कंपनी का वैल्यूएशन 965 अरब डॉलर आंका गया था, जिसमें सिलिकॉन वैली और वॉल स्ट्रीट के बड़े दिग्गजों ने निवेश किया था.
बाजार विशेषज्ञ इस बात पर सवाल उठा रहे हैं कि क्या डेटा सेंटर, अत्याधुनिक चिप्स और भारी-भरकम कंप्यूटिंग क्षमता पर खर्च किए जा रहे अरबों डॉलर इतनी जल्दी रिटर्न दे पाएंगे जो इन कंपनियों के इतने बड़े वैल्यूएशन को सही ठहरा सकें. इसके अलावा, बाजार में बढ़ती बॉन्ड यील्ड, कर्ज की महंगी दरें और बाजार के उतार-चढ़ाव ने भी निवेशकों को सतर्क कर दिया है, जिसके चलते कई अन्य एआई इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा-सेंटर कंपनियों ने अपने आईपीओ टाल दिए हैं.
कब आएगा आईपीओ और क्या है टाइमलाइन?
रॉयटर्स के सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, एंथ्रोपिक अगले महीने के मध्य नवंबर तक अपना आईपीओ लाने की योजना बना रही है. कंपनी का प्रोस्पेक्टस अक्टूबर के अंत तक सार्वजनिक होने की उम्मीद है. ऐसा माना जा रहा है कि कंपनी 9 नवंबर वाले सप्ताह से संभावित निवेशकों के बीच अपने शेयरों की मार्केटिंग शुरू कर देगी. कंपनी ने इस साल जून में ही SEC के पास गोपनीय तरीके से अपने पेपर जमा कर दिए थे, ताकि नियामक एजेंसी को वित्तीय आंकड़ों की जांच के लिए पर्याप्त समय मिल सके.
OpenAI से सीधी टक्कर और दिग्गजों का साथ
एंथ्रोपिक की बाजार में सबसे बड़ी और सीधी टक्कर चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी ओपनएआई से है. ओपनएआई ने भी जून में अपने आईपीओ के लिए गोपनीय रूप से आवेदन किया है और उसके 2027 की शुरुआत तक लिस्ट होने की उम्मीद है. एंथ्रोपिक को मजबूत बनाने में दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों का भी हाथ है. ई-कॉमर्स दिग्गज एमेजॉन और सर्च इंजन किंग गूगल इस कंपनी के शुरुआती रणनीतिक साझेदार रहे हैं. इन दोनों कंपनियों ने एंथ्रोपिक में अरबों डॉलर का निवेश किया है और इसके ‘क्लॉड’ मॉडल्स को ट्रेन और ऑपरेट करने के लिए अपना शक्तिशाली क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर भी मुहैया कराया है.