Last Updated:
90 के दशक में अपनी सुरीली आवाज से लोगों के दिलों पर राज करने वाले उदित नारायण और कुमार सानू पूरे 21 साल बाद एक बार फिर एक साथ वापसी कर रहे हैं. संगीत जगत की यह आइकॉनिक जोड़ी सनी देओल की अपकमिंग फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ के नए ट्रैक ‘सुनियो जरा’ के लिए अपनी आवाज दे रही है. दशकों बाद इन दोनों गायकों का एक ही गाने के लिए साथ आना न सिर्फ उनके चाहने वालों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है, बल्कि इस जुगलबंदी ने फिल्म के प्रति भी फैंस का उत्साह कई गुना बढ़ा दिया है.
2 दशक के बाद कुमार सानू-उदित नारायण ने साथ गाया गाना. (फोटो साभार: IMDb)
नई दिल्ली. बॉलीवुड के दो धुरंधर सिंगर्स उदित नारायण और कुमार सानू दशकों बाद साथ काम कर रहे हैं. इन दो सुरों के सरताजों को एक ही गाने में साथ सुनना फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं होगा. सनी देओल की ‘सूर्या’ के गाने ‘सुनियो जरा’ के लिए उदित नारायण और कुमार सानू ने हाथ मिलाया है. इससे पहले कुमार सानू और उदित नारायण ने साल 2005 में आई ‘नो एंट्री’ के लिए साथ में सुर लगाए थे.
21 साल बाद बनी कुमार सानू-उदित नारायण की जोड़ी
अब 21 साल के लंबे अंतराल के बाद यह जोड़ी एक बार फिर माइक थामकर ‘सुनियो जरा’ के साथ वापसी कर रही है. खास बात यह भी है कि ये दोनों सुरों के सरताज 24 साल बाद फिर से सनी देओल की किसी फिल्म के लिए गाना गा रहे हैं. इससे पहले उन्होंने साल 2002 में आई सनी देओल की फिल्म ‘कर्ज: द बर्डन ऑफ ट्रुथ’ के लिए एक साथ आवाज दी थी.
27 अक्टूबर को रिलीज होगा ‘सुनियो जरा’ गाना
‘सुनियो जरा’ को जी म्यूजिक कंपनी के बैनर तले रिलीज किया जाएगा. इस गाने का टीजर 26 अक्टूबर को आने वाला है, जबकि पूरा गाना 27 अक्टूबर 2026 को रिलीज किया जाएगा. यह एम. पद्मकुमार के निर्देशन में बन रही क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ का पहला गाना होगा.
20 नवंबर को रिलीज होगी सनी देओल की ‘सूर्या’
यह नया गाना एक परफेक्ट फ्रेंडशिप एंथम होने वाला है, जिसके लिए मेकर्स ने संगीत जगत के कई जाने-माने कलाकारों को एक साथ जोड़ा है. इस ट्रैक को प्रीतम के JAM8 से जुड़े राही ने कंपोज किया है. वहीं, गाने में उदित नारायण और कुमार सानू के साथ अनुपम अमोद भी अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे. इसके खूबसूरत बोल प्रिया सरैया ने लिखे हैं, जो मशहूर संगीतकार जोड़ी सचिन-जिगर के जिगर सरैया की पत्नी हैं. सनी देओल की यह मूवी 20 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.