Last Updated:
Mathura Latest News: उत्तर प्रदेश के मथुरा की रहने वाली एक युवती अपने प्रेमी के साथ भाग गई. दोनों ने विवाह कर लिया और दिल्ली रहने लगे. शादी के बाद दोनों बहुत खुश थे मगर फिर एक फोन कॉल लड़की के पास आती है और सबकुछ बदल जाता है. आइए जानते हैं पूरा मामला.
मृतका की तस्वीर.
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जहां अपनों ने ही प्यार की खौफनाक सजा देते हुए एक नवविवाहिता को मौत के घाट उतार दिया. मामला मथुरा के गोविंद नगर थाना क्षेत्र का है, जहां ऑनर किलिंग की इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गोविंद नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली नई बस्ती की रहने वाली नाजिया नामक युवती करीब डेढ़ महीने पहले अपनी मर्जी से अपने प्रेमी रविंद्र के साथ घर से चली गई थी. दोनों ने आपसी रजामंदी से शादी कर ली थी और इसके बाद दिल्ली में रहने लगे थे. युवती के जाने के करीब 15 दिन बाद उसके परिजनों ने संपर्क साधा. फिर उसे झांसा देकर वापस मथुरा बुलाया कि वे लोग दोनों की धूमधाम से शादी करा देंगे.
परिजनों के इस झूठे भरोसे में आकर नाजिया अपने घर वापस लौट आई. घर आने के बाद परिजनों की नीयत में खोट आ गया. आरोप है कि नाजिया के भाई और अन्य परिजनों ने मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी. इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के बाद सबूतों को मिटाने के लिए युवती के शव को नई बस्ती स्थित एक कब्रिस्तान में चुपचाप दफना दिया गया.
पत्नी के अपहरण की राजस्थान में लिखाई FIR
जब मृतका के पति रविंद्र ने नाजिया से संपर्क करने की कोशिश की, तो घरवालों ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया और बातचीत पूरी तरह तोड़ दी. कई दिनों तक कोई संपर्क न होने पर पति रविंद्र को अनहोनी की आशंका हुई. उसने राजस्थान में अपनी पत्नी के अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया.
पुलिस पूछताछ में भाई ने कबूला जुर्म
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोविंद नगर थाना प्रभारी अजय कुमार वर्मा ने तत्परता दिखाते हुए युवती के भाई अकरम को हिरासत में लिया और उससे कड़ाई से पूछताछ की. पुलिस की पूछताछ के आगे आरोपी भाई टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. एसपी सिटी राजीव कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र के आदेश पर मजिस्ट्रेट की निगरानी में कब्रिस्तान से युवती के शव को बाहर निकलवा लिया गया है. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस इस भयानक अपराध में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी गहराई से छानबीन कर रही है.