विवादित बयान पर मल्लिकार्जुन खरगे का पुतला फूंका; गिरिराज सिंह ने बताया ‘आका का आदेश’, मनोज तिवारी ने ‘संस्कार’ सिखाया

विवादित बयान पर मल्लिकार्जुन खरगे का पुतला फूंका; गिरिराज सिंह ने बताया ‘आका का आदेश’, मनोज तिवारी ने ‘संस्कार’ सिखाया


Last Updated:

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पीएम मोदी के पिता पर दिए गए विवादित बयान के बाद भाजपा के नेताओं में आक्रोश है. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आज देश भर में जिला मुख्यालयों में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया है. इसी कड़ी में पटना में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और खरगे के पुतले में आग लगा दी. इस बीच बीजेपी नेताओं की तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रहीं हैं.

Zoom

मल्लिकार्जुन खरगे के विवादित बयान पर गिरिराज सिंह, मनोज तिवारी और रामकृपाल यादव की तीखी प्रतिक्रिया

पटना. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान पर भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है. बयान के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को देशभर में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया. पटना में भी कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और खरगे का पुतला जलाकर विरोध जताया. इस बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, भाजपा सांसद मनोज तिवारी और बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष पर तीखा हमला बोला. भाजपा नेताओं का कहना है कि कांग्रेस अध्यक्ष को अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए.

गिरिराज सिंह बोले- यह भूल नहीं, आका का आदेश

केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने खड़गे के बयान को प्रधानमंत्री के परिवार का अपमान बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के पूज्य पिता का अपमान कोई भूल नहीं, बल्कि उनके आका का सीधा आदेश है. गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शहजादे और उनके नेता लगातार प्रधानमंत्री और उनके परिवार पर घटिया हमले करते रहते हैं. उन्होंने कहा कि यह टिप्पणी कांग्रेस के गिरे हुए संस्कारों और हताशा से भरे चरित्र को दर्शाती है.

मनोज तिवारी ने बिहार के संस्कारों की दिलाई याद

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने खड़गे के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बिहार के लोग कहते हैं कि हम बिहारी हैं और संस्कारी हैं. खड़गे को भी इसी बात का ध्यान रखना चाहिए था. मनोज तिवारी ने कहा कि बिहार में आकर देश के प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता का अपमान करना स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने इस बयान को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधा.

रामकृपाल यादव बोले- बिहार में खत्म हो चुकी है कांग्रेस

बिहार सरकार के मंत्री और भाजपा नेता रामकृपाल यादव ने भी खड़गे के बयान की आलोचना की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता के कारण ही पार्टी की ऐसी हालत हुई है. रामकृपाल यादव ने दावा किया कि कांग्रेस बिहार में खत्म हो चुकी है और आने वाले दिनों में देश से भी खत्म हो जाएगी. उन्होंने कहा कि किसी भी नेता की ओर से इस तरह का बयान देना निंदनीय है.



Source link