Last Updated:
Tesla India Sales : एलन मस्क की कंपनी टेस्ला ने जुलाई 2025 में मुंबई में अपना पहला शोरूम खोला था. भारतीय बाजार में टेस्ला की कारों को उतना रिस्पॉन्स नहीं मिला, जिसकी उम्मीद की जा रही थी. पिछले वित्त वर्ष में कंपनी ने हर महीने 49 कारें ही बेच पाई.
कुल ₹247.31 करोड़ की कमाई में से ₹214.69 करोड़ गाड़ियों की बिक्री से आए.
नई दिल्ली. एलन मस्क की कंपनी टेस्ला ने जब भारत में एंट्री मारी तो खूब हलचल मची. भारतीय बाजार में टेस्ला की कारों की बिक्री शुरू हुए पूरा एक साल बीत चुका है. लेकिन, पहले वित्तीय वर्ष के मुनाफे को देखकर आप भी हैरान ही रह जाएंगे. खरबों डॉलर का साम्राज्य संभालने वाले मस्क को भारत में कारें बेचकर जो शुद्ध मुनाफा मिला है, वह उनकी कमाई के सामने ‘ऊंट के मुंह में जीरा’ जैसा नजर आ रहा है. वर्तमान में कंपनी भारत में दो मॉडल बेच रही है. 5-सीटर ‘मॉडल Y’ जिसकी शुरुआती कीमत ₹50.89 लाख है और 6-सीटर मॉडल YL जिसकी कीमत ₹61.99 लाख से शुरू होती है. कंपनी दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों में अपने एक्सपीरियंस सेंटर खोल चुकी है.
टेस्ला की भारतीय इकाई टेस्ला इंडिया मोटर्स एंड एनर्जी ने वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) में कुल ₹247.31 करोड़ का रेवेन्यू हासिल किया. पिछले वित्त वर्ष यानी FY25 में कंपनी की कमाई महज ₹20.83 करोड़ थी, जो पूरी तरह सर्विसेज से आई थी. टेस्ला की कारों की भारत में बिक्री शुरू होते ही कंपनी के रेवेन्यू में 12 गुना की बढ़ोतरी हुई. लेकिन जब बात शुद्ध मुनाफे (Net Profit) की आई, तो यह आंकड़ा केवल ₹5.16 करोड़ पर सिमट गया. FY25 में ₹55.49 लाख मुनाफा हुआ था.
खर्चों ने निकाल दी मुनाफे की हवा
टेस्ला की नियामकीय फाइलिंग के अनुसार, कुल ₹247.31 करोड़ की कमाई में से ₹214.69 करोड़ गाड़ियों की बिक्री से आए. ₹32.40 करोड़ रुपये कंपनी ने भारत में सर्विसेज के जरिए जुटाए. कमाई तो बढ़ी, लेकिन कारोबार जमाने के चक्कर में कंपनी का खर्च भी बढ़ गया. कंपनी का कुल खर्च ₹240 करोड़ तक पहुंच गया. कर्मचारियों के वेतन और भत्तों पर खर्च ₹13.46 करोड़ से बढ़कर ₹43.67 करोड़ हो गया, जबकि शोरूम और ऑफिस के किराये का बिल ₹2.64 करोड़ से सीधे ₹30.32 करोड़ पर पहुंच गया.
हर महीने बिकी 49 कारें
जुलाई 2025 में मुंबई में अपना पहला शोरूम खोलने के बाद मस्क की कंपनी ने देश में मॉडल Y की डिलीवरी शुरू की थी. वाहन पोर्टल के डेटा के मुताबिक, सितंबर 2025 से मार्च 2026 के बीच भारत में टेस्ला के 346 वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ. यानी हर महीने औसतन 49 कारें बिकीं. चालू वित्त वर्ष 2026-27 के पहले छह महीनों में टेस्ला की 650 गाड़ियां बिक चुकी हैं और औसत मासिक बिक्री बढ़कर 108 यूनिट हो गई है.