Last Updated:
Ujjain News: उज्जैन में आज 25 लाख से ज्यादा दीपों से शिप्रा घाट और महाकाल लोक जगमगाएंगे. 26 हजार वॉलंटियर्स दीप जलाएंगे, जबकि सुरक्षा में 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. प्रशासन ने पार्किंग और ट्रैफिक प्लान तैयार किया है. शहर तीसरी बार विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी में है.
Ujjain Deepotsav 2026: उज्जैन समेत पूरे मध्य प्रदेश में आज दीपोत्सव की रोशनी बिखरेगी. महाकाल की नगरी में शिप्रा के रामघाट, दत्त अखाड़ा घाट और महाकाल लोक में 25 लाख दीप जलाए जाएंगे. शाम 7 बजे रामघाट पर ‘आशीर्वाद का दीप’ प्रज्वलित कर आयोजन की शुरुआत होगी. इसके बाद मां शिप्रा की आरती में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे. देशभर से आए 500 से अधिक कलाकार गायन, वादन, नृत्य और भजन जैमिंग की प्रस्तुतियां देंगे. शैलेश लोढ़ा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल पर आधारित नरेशन पेश करेंगे. कार्तिक मेला ग्राउंड में बने पीएम मोदी के विशाल पोर्ट्रेट पर जनभागीदारी से दीप सजाए जाएंगे. आतिशबाजी के साथ भव्य आयोजन का समापन होगा.
26 हजार वॉलंटियर्स संभालेंगे दीप जलाने की जिम्मेदारी
भव्य दीपोत्सव को सफल बनाने के लिए करीब 26 हजार वॉलंटियर्स की तैनाती की गई है. सभी को पहले से ही घाटों और दीपों के ब्लॉक के अनुसार जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं. केदारेश्वर, सुनहरी, दत्त अखाड़ा, भूखी माता, महाकाल लोक और रामघाट के दो सेक्टर समेत शिप्रा तट के कई हिस्सों में एक साथ दीप जगमगाएंगे. वॉलंटियर्स की निगरानी में दीप प्रज्वलन का यह आयोजन भव्य नजारा पेश करेगा.
उज्जैन में आज वीवीआईपी जमावड़ा
उज्जैन में दीपोत्सव के साथ 17 और 18 सितंबर को वीवीआईपी कार्यक्रम भी आयोजित होंगे. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने कमर कस ली है. वीआईपी मूवमेंट और दीपोत्सव के दौरान 3 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. इनमें करीब 2 हजार अतिरिक्त जवान पुलिस मुख्यालय से बुलाए गए हैं. वहीं, यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 450 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है.
पुलिस ने तय की पार्किंग
शिप्रा घाटों पर करीब 25 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है. श्रद्धालुओं के लिए घाटवार रंगीन पास, पार्किंग और ड्रॉप पॉइंट तय किए गए हैं. दोपहर 12 बजे से कई मार्गों पर सामान्य यातायात बंद रहेगा. बाहर से आने वाले वाहन निर्धारित बायपास से पार्किंग तक पहुंचेंगे. पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे पास लगाकर निर्धारित पार्किंग का ही इस्तेमाल करें. इससे दीपोत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी.
उज्जैन के नाम पहले से दो विश्व रिकॉर्ड
1. 2022 में उज्जैन ने 11,71,078 दीप जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया था.
2. 2023 में 18,82,229 दीप जलाकर उज्जैन ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा
3. इस बार 25 लाख से अधिक दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है.
4. नया लक्ष्य 2023 के रिकॉर्ड से करीब 6.18 लाख दीप ज्यादा है.
5. 25 लाख दीप जलने पर उज्जैन तीसरी बार नया विश्व रिकॉर्ड बना सकता है.
दीपोत्सव में इतनी सामग्री लगेगी
इस बार 30 लाख दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए 45 हजार लीटर तेल और 1000 किलो कपूर की व्यवस्था की गई है. दीपों को रोशन करने के लिए 30 लाख से ज्यादा रुई की बातियां, 28 हजार लकड़ी की स्टिक और 53 हजार से अधिक मोमबत्तियां तैयार होंगी. इन्हें जलाने के लिए 11 हजार माचिस की जरूरत पड़ेगी. कार्तिक मेला प्रांगण में दीपों की सफाई के साथ बातियों पर कपूर लगाने और लकड़ी की स्टिक तैयार करने का काम तेजी से चल रहा है.