Last Updated:
Firozabad News: फिरोजाबाद जिले में टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा के दौरान रविवार की रात को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में अभी तक कुल पांच लोगों की मौत हो गई. वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
फिरोजाबाद में दर्दनाक सड़क हादसे में कई लोगों की हुई मौत.
फिरोजाबादः उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा के दौरान एक बेकाबू कार ने कई ग्रामीणों को रौंद दिया, जिससे 5 लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक घायल हो गए. शरद पूर्णिमा पर रविवार रात टेसू-झांझी विसर्जन यात्रा में मौत की रफ्तार से घुसी कार ने कोहराम मचा दिया. आधा दर्जन ग्रामीणों को कुचलती हुई कार तेजी से भागी. एक बालिका की मौके पर ही मौत हो गई. ग्रामीणों को पीछे आता देख कार चालक शिकोहाबाद स्टेशन रोड की तरफ भागा. वहां सामने से घेराव होते देख बाइक को टक्कर मारने के बाद उसी रोड पर वापस लौटा और फिर से ग्रामीणों को रौंदते हुए निकल गया.
सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत
ग्रामीणों ने घेराबंदी कर कार सवारों को पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया. हादसे में पांच ग्रामीणों की मौत हुई है, जबकि एक दर्जन घायल हैं. तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है. नसीरपुर के गांव छटनपुर में ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से टेसू और झांसी का विवाह किया था. रविवार रात 9:15 बजे महिला-पुरुष और बच्चे टेसू-झांझी को गांव के बाहर स्थित बरी के पेड़ के पास विसर्जन करने जा रहे थे.
कार चालकों ने जानबूझकर लोगों पर चढ़ाई कार
इस बीच लखनऊ एक्सप्रेसवे से उतरी दिल्ली नंबर की बीजा कार ने शिकोहाबाद की ओर जाते समय सड़क किनारे चल रहे ग्रामीणों को रौंद दिया. ग्रामीण कुछ समझ पाते उससे पहले चालक ने कार को शिकोहाबाद स्टेशन रोड की ओर दौड़ा दिया. पीछा कर रहे ग्रामीणों ने नौ किमी दूर विवेक प्रिया अस्पताल के पास कार को घेरने की कोशिश की. ये देख कार चालक बाइक सवार को टक्कर मारकर भागा और दोबारा घटना स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को रौंद दिया. पुलिस के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों ने हंगामा किया. इसी बीच ग्रामीणों ने घेराबंदी करके कार सवारों को पकड़ लिया और लाठी-डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी.
हादसे में किन-किन लोगों की हुई मौत
पुलिस ने किसी तरह कार सवारों को बचाया. एसएसपी आदित्य लांग्हे ने बताया कि हादसे में 15 वर्षीय अंजली, 17 वर्षीय आकांश, 25 वर्षीय हरीश कुमार व 17 वर्षीय बबली की मृत्यु हो गई. इसके अलावा बच्चों, महिलाओं सहित आठ ग्रामीण और चार कार सवार घायल हुए हैं. इन्हें शिकोहाबाद के जिला संयुक्त चिकित्सालय और फिरोजाबाद सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है.