Last Updated:
Motihari News: बिहार के मोतिहारी में मनोज यादव का अपहरण कर बेरहमी से पीटने और जबरन स्टांप पर दस्तखत करवाने का वीडियो वायरल हुआ है. पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है.
मोतिहारी में मनोज यादव का अपहरण के बाद पिटाई का वीडियो वायरल
मोतिहारी: बिहार के मोतिहारी जिले में एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. यहां कल्याणपुर थाना क्षेत्र के ध्रुवपकड़ी गांव निवासी युवक मनोज यादव का अपहरण कर लात-घुसे, जूते-चप्पल और लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया और मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इस पूरे मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
पीड़ित ने लगाया मारपीट का आरोप
इस पूरे मामले में पीड़ित मनोज यादव ने थाना शिकायत दर्ज कराकर बताया कि वह अपना खेत देखने गए थे. इसी दौरान छोटन सिंह, रौशन कुमार, शैलेश कुमार, अनमोल कुमार, सौरभ कुमार, यंग कुमार, रुपेश सिंह, विवेक तिवारी, अक्षित कुमार, बबलू सिंह, अभिषेक कुमार सिंह, रुपेश कुमार समेत 5-6 अज्ञात लोग दो गाड़ियों और एक बाइक से वहां पहुंचे.
स्कॉर्पियों में लादकर ले गए जंगल
उन्होंने मनोज को स्कॉर्पियो में लादकर दरमाहा जंगल ले गए. जहां जंगल में आरोपियों ने मनोज को जमकर लाठी-डंडों से पीटा. इस दौरान अनमोल ने चाकू से गर्दन पर 2 वार किए, जिससे कंधे पर गहरा जख्म हो गया. वहीं, पिटाई के बाद छोटन सिंह ने मनोज के हाथ में पिस्टल और जेब में गोली रख दी. शैलेश ने पूरा घटनाक्रम वीडियो में कैद किया. इसके बाद विवेक तिवारी ने 1000 रुपये के स्टांप पर जबरन दस्तखत करवा लिए.
मारपीट का 1 आरोपी गिरफ्तार
इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आक्रोश फैल गया. ग्रामीणों ने घायल मनोज को कल्याणपुर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. जहां उनका इलाज चल रहा है. थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने बताया कि इस मारपीट मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. बाकी अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
वहीं, पुलिस ने वीडियो और पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया है. इस पूरे मामले में ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. ताकि कोई भी व्यक्ति इस तरह की बर्बरता का शिकार न हो. पुलिस जांच जारी रखते हुए बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है.