Last Updated:
Ayodhya Stay Options: दीपावली पर अगर आप परिवार के साथ प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में भव्य दीपोत्सव के साक्षी बनने और रामलला के दर्शन का प्लान बना रहे हैं, तो रात्रि विश्राम को लेकर बिल्कुल बेफिक्र रहिए. मंदिर निर्माण के बाद बदली अयोध्या में अब हर बजट के अनुसार ठहरने के बेहतरीन इंतजाम हैं. महज 500 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक में होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाएं उपलब्ध हैं, जिससे आपकी धार्मिक यात्रा बेहद सुगम और किफायती बन सकती है.
Ayodhya Stay Options: दीपावली के मौके पर अगर आप परिवार के साथ रामनगरी अयोध्या आने का प्लान बना रहे हैं और यहां रात्रि विश्राम करना चाहते हैं, तो ठहरने को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है. राम मंदिर में रामलला के दर्शन और अयोध्या में आयोजित होने वाले भव्य दीपोत्सव का आनंद लेने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को यहां अलग-अलग बजट में ठहरने की सुविधा मिल सकती है. अयोध्या में कई होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाएं संचालित हैं, जहां श्रद्धालु अपनी सुविधानुसार कमरे लेकर रात बिता सकते हैं. कुछ स्थानों पर कम बजट में भी रुकने की व्यवस्था उपलब्ध है.
मंदिर निर्माण के बाद तेजी से बढ़े विकल्प
राम मंदिर निर्माण के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है. इसके साथ ही शहर के अलग-अलग इलाकों में होटल, होमस्टे, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं की सुविधाएं भी बढ़ी हैं. ऐसे में दीपावली पर अयोध्या आने वाले श्रद्धालु अपने बजट के अनुसार ठहरने की जगह तलाश सकते हैं. यहां राम मंदिर के आसपास और प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंचने के लिहाज से भी कई विकल्प मौजूद हैं, जिससे परिवार के साथ दर्शन-पूजन करना आसान हो सकता है.
500 से 5000 तक के कमरे उपलब्ध
अयोध्या होटल एसोसिएशन के महासचिव पंकज गुप्ता ने बताया कि दीपावली के मौके पर अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं को रात्रि विश्राम के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है. रामनगरी में कई जगह होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाएं उपलब्ध हैं, जहां लोग अपनी जरूरत और बजट के अनुसार ठहर सकते हैं. उन्होंने बताया कि अयोध्या में 500 से लेकर 5000 तक के होटल उपलब्ध हैं. वहीं, कुछ गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में 500 से 1000 तक में कमरे मिलने की संभावना रहती है.
प्रमुख धार्मिक स्थलों के पास सस्ते और सुलभ ठिकाने
पंकज गुप्ता के मुताबिक श्रद्धालु परिवार के साथ अयोध्या पहुंचकर यहां रात्रि विश्राम कर सकते हैं और अगले दिन राम मंदिर सहित दूसरे प्रमुख मठ-मंदिरों में दर्शन-पूजन कर सकते हैं. दीपावली पर अयोध्या आने वाले लोगों के लिए कम बजट में ठहरने के कई विकल्प मौजूद हैं. हालांकि, कमरे का किराया होटल की सुविधाओं, स्थान और उपलब्धता के अनुसार अलग-अलग हो सकता है. कम बजट में अयोध्या में ठहरने के विकल्प तलाश रहे श्रद्धालु मिथिला गेस्ट हाउस, दर्शन गेस्ट हाउस और चंद्र गेस्ट हाउस के अलावा छोटी छावनी धर्मशाला में कमरों की उपलब्धता और किराये की जानकारी ले सकते हैं.
इसके अलावा शहर में हर प्रमुख स्थान पर होटल और गेस्ट हाउस उपलब्ध हैं. होटल एसोसिएशन के महासचिव ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे दीपावली के अवसर पर परिवार के साथ अयोध्या आएं और यहां होने वाले दीपोत्सव का आनंद लें. रामनगरी में दर्शन-पूजन के साथ दीपोत्सव की भव्यता देखने के लिए श्रद्धालु अपनी यात्रा की योजना पहले से बना सकते हैं.