Last Updated:
भारतीय क्रिकेट टीम की युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया. हालांकि, वैभव को ओपनिंग का मौका नहीं मिला और वह तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे. वैभव को तीसरे नंबर पर भेजे जाने से पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन काफी निराश नजर आए और उन्होंने टीम मैनेजमेंट को नसीहत तक दे डाली.
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में वैभव सूर्यवंशी का प्लेइंग इलेवन में जगह पाने का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म हुआ. वैभव ने चोटिल ईशान किशन की जगह नंबर 3 पर बल्लेबाजी की. वहीं, संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने पारी की शुरुआत की. इसके साथ ही टीम प्रबंधन ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया कि भारत की ओपनिंग जोड़ी पूरी तरह तय है.
वैभव सूर्यवंशी आमतौर पर तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने नहीं उतरते हैं. यही कारण है कि वह इस पोजीशन पर काफी असहज नजर आए और सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए. वैभव के इस प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए रविचंद्रन अश्विन ने टीम मैनेजमेंट के फैसले पर सवाल उठाए.
रविचंद्रन अश्विन ने वैभव की तुलना पानी से बाहर निकली मछली से की, क्योंकि तीसरे नंबर पर वह अपना स्वाभाविक खेल खेलने के लिए संघर्ष करते दिखे. मैच खत्म होने के बाद ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए अश्विन से मैच की सफलता और असफलता के बारे में पूछा गया. जब सूर्यवंशी पर राय देने को कहा गया, तो अश्विन ने कहा कि यह युवा बल्लेबाज आज के मैच की असफलता रहा. तीसरे नंबर पर बैटिंग करना उनके बस की बात नहीं है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अश्विन ने गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट को यह सुझाव भी दिया कि अगर सूर्यवंशी, अभिषेक और सैमसन तीनों को एक ही इलेवन में खिलाना है, तो सैमसन को नंबर 3 पर रखना होगा, जैसा कि एशियन गेम्स में देखने को मिला था जब ये तीनों एक साथ खेले थे.
बता दें कि तिलक वर्मा और अभिषेक शर्मा टीम इंडिया के लिए लगातार दमदार खेल का प्रदर्शन कर रहे हैं. ऐसे में टीम मैनेजमेंट के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि वैभव को अंतिम-11 में कैसे फिट किया जाए. इसी असमंजस की वजह से वैभव वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में भी नहीं खेल पाए थे.