नई दिल्ली: राधिका आप्टे पिछले करीब दो दशकों से अपनी शानदार एक्टिंग से फैंस का दिल जीत रही हैं. उन्होंने हर तरह के जॉनर में काम किया है और खुद को कभी किसी एक दायरे में नहीं बांधा. इन दिनों राधिका अपनी अपकमिंग नेटफ्लिक्स सीरीज ‘अक्का’ के प्रमोशन में काफी बिजी हैं. इस सीरीज में उनके साथ साउथ की मशहूर एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश भी लीड रोल में नजर आएंगी.
इसी सीरीज के प्रमोशन के दौरान राधिका ने फिल्मों में बढ़ रही वायलेंस के ट्रेंड और वर्क शिफ्ट पर एक ऐसा बयान दिया है, जिसकी सोशल मीडिया पर बहुत चर्चा हो रही है .
हिंसा वाली फिल्मों से दूरी
दीपिका पादुकोंण के बाद अब राधिका आप्टे ने भी काम के शिफ्ट को लेकर डिमांड किया है. हाल ही में राधिका ने PTI को दिए इंटरव्यू में खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि इन दिनों फिल्मों में बहुत ज्यादा वायलेंस दिखाया जा रहा है और वह इसके सख्त खिलाफ हैं. उनका कहना है कि उन्हें यह बात बिल्कुल समझ नहीं आती कि लोग कैसे सिनेमाघरों में आराम से पॉपकॉर्न खाते हुए ये सब देख सकते हैं. उन्होंने आगे कहा कि आजकाल फिल्मों में दिखाया जाता है कि कैसे 50 लोगों को बुरी तरह पीटा जा रहा है और क्रिएटिव तरीके से हड्डियां तोड़ी जा रही हैं. राधिका का साफ मानना है कि वह इस तरह के वायलेंट ट्रेंड का हिस्सा बिल्कुल नहीं बनना चाहती हैं और ऐसी फिल्मों से दूर रहना ही पसंद करती हैं .
मां बनने के बाद बदली प्रायोरिटी
41 साल की राधिका ने बताया कि मां बनने के बाद उनके काम करने के तरीके और प्रायोरिटी पूरी तरह बदल गई हैं. साल 2024 में बेटी को जन्म देने के बाद उनका पूरा ध्यान अपनी बच्ची के साथ वक्त बिताने पर रहता है. वह चाहती हैं कि उन्हें काम पर सिर्फ 12 घंटे की ही शिफ्ट मिले, न कि 16 से 18 घंटे की लंबी शूटिंग करनी पड़े. उनका मानना है कि काम उनकी जिंदगी का सिर्फ एक हिस्सा है, पूरी जिंदगी नहीं है और वह अपनी बेटी के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिताना चाहती हैं .
दीपिका ने किया था 8 घंटे शिफ्ट की डिमांड
बता दें कि सबसे पहले दीपिका पादुकोण ने फिल्मों की शूटिंग के दौरान 8 घंटे की शिफ्ट की मांग उठाई थी. इस मुद्दे पर उनके और फिल्ममेकर संदीप रेड्डी वांगा के बीच भी विवाद हुआ था. दीपिका पादुकोण ने फिल्मों की शूटिंग के लिए 8 घंटे की शिफ्ट की मांग उठाई थी, जिसके बाद काफी विवाद हुआ. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसी मुद्दे को लेकर संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ से उनके बाहर होने की खबरें सामने आई थीं. बाद में दीपिका ने कहा था कि वह बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस और काम करने के अच्छे माहौल को सपोर्ट कर रही हैं.
क्या है नेटफ्लिक्स की नई सीरीज ‘अक्का’
राधिका आप्टे की यह नई सीरीज ‘अक्का’ 1980 के दशक की पृष्ठभूमि पर बनी एक जबरदस्त गैंगस्टर ड्रामा है. इस सीरीज की पूरी कहानी दो गैंगस्टर्स के बीच की दुश्मनी और राइवलरी पर आधारित है. नेटफ्लिक्स और वाईआरएफ एंटरटेनमेंट के बैनर तले बन रही इस सीरीज में राधिका और कीर्ति सुरेश मुख्य भूमिकाओं में हैं. इनके अलावा इस शो में तन्वी आजमी, महेश मांजरेकर, अंशुमन पुष्कर और मोनिका पंवार जैसे जाने-माने कलाकार भी अहम किरदारों में नजर आएंगे .
दर्शकों को इस सस्पेंस और एक्शन से भरी सीरीज का बेसब्री से इंतजार है. राधिका आप्टे की यह ‘अक्का’ सीरीज इसी महीने 30 अक्टूबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है. शो की स्टार कास्ट और इसका 80 के दशक का पुराना गैंगवार वाला सेटअप फैंस के बीच पहले ही काफी बज बना चुका है .