मैदानगढ़ी में एनकाउंटर: दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा ‘छह मार गिरोह’ का सरगना
Last Updated:
Maidan Garhi Encounter: मैदानगढ़ी इलाके में चेकिंग के दौरान खुद को घिरता देख भागने और पुलिस टीम पर अंधाधुंध गोलियां बरसाने वाले छह मार गिरोह के सरगना को पुलिस ने पैर में गोली मारकर काबू कर लिया. मौके से हथियार बरामद होने के साथ ही दिल्ली, यूपी और पंजाब पुलिस के लिए सिरदर्द बने इस अंतरराष्ट्रीय पृष्ठभूमि वाले बदमाश का नेटवर्क अब जांच के घेरे में है.
‘स्वान’ की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसका क्रिमिनल रिकॉर्ड खंगाल रही है. (आईएएनएस)
Maidan Garhi Encounter: दिल्ली के साउथ डिस्ट्रिक्ट में मैदानगढ़ी थाना पुलिस ने एनकाउंटर के बाद छह मार गिरोह के कथित सरगना को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी की पहचान ‘स्वान’ के रूप में हुई है, जिसे ‘सावन’ और ‘मूछड़ मामा’ के नाम से भी जाना जाता है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी गैंग में करीब 10 अलग-अलग नामों से जाना जाता था. वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल बताया जा रहा है.
अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ सुबह करीब 6.30 बजे हुई, जब पुलिसकर्मियों ने मोटरसाइकिल पर जा रहे संदिग्ध को चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया. हालांकि, पुलिस के निर्देशों का पालन करने के बजाय, खुद को घिरा हुआ पाकर आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और गोलीबारी के दौरान संदिग्ध के पैर में गोली लग गई. अधिकारियों के मुताबिक, इसके बाद पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया और गिरफ्तार कर लिया.
दोनों तरफ से 8 राउंड फायरिंग
पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कुल 8 राउंड फायरिंग होने की जानकारी सामने आई है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया. मौके से एक पिस्टल और बाइक भी बरामद की गई है. पुलिस अब बरामद हथियार, बाइक और आरोपी की आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है.
बांग्लादेश का मूल निवासी, कन्नौज में रह रहा था
जांच से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से बांग्लादेश का रहने वाला बताया जा रहा है और उत्तर प्रदेश के कन्नौज में रह रहा था. उसके खिलाफ दिल्ली में पांच आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं. इसके अलावा, उत्तर प्रदेश पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. आरोपी पंजाब में भी वांछित बताया जा रहा है.
क्या है छह मार गिरोह का तरीका?
छह मार गिरोह को घरों में घुसकर लूटपाट करने वाले आपराधिक गिरोह के तौर पर जाना जाता है. इस गिरोह के सदस्य कथित तौर पर रात के समय कच्छा-बनियान या कम कपड़ों में घरों में घुसते हैं. इसके बाद लूटपाट करते हैं और विरोध होने पर लोगों पर जानलेवा हमला करने से भी पीछे नहीं हटते. इस गिरोह का तरीका देश के कई इलाकों में सक्रिय दूसरे कच्छा-बनियान गिरोहों से मिलता-जुलता बताया जाता है. उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में इस तरह के गिरोहों की गतिविधियां सामने आती रही हैं.
अब पुलिस खंगालेगी आपराधिक नेटवर्क
मैदानगढ़ी में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड, उसके साथियों, हथियारों की सप्लाई और अलग-अलग राज्यों में दर्ज मामलों की जानकारी जुटा रही है. जांच का एक अहम पहलू यह भी होगा कि आरोपी किन वारदातों में शामिल रहा है और छह मार गिरोह का नेटवर्क किन-किन इलाकों तक फैला हुआ है. मौके से हथियार और बाइक बरामद हुआ है. एनकाउंटर वाली जगह पर फॉरेंसिक टीम पहुंच गई है.