फरीदाबाद: घर बनवाते समय कई छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है. कई लोग जगह बचाने के लिए सीढ़ियों के नीचे पूजा घर, किचन या बाथरूम बनवा लेते हैं. कुछ लोग इस जगह का इस्तेमाल सामान रखने के लिए करते हैं. लेकिन वास्तु शास्त्र के अनुसार सीढ़ियों के नीचे किस चीज का निर्माण करना उचित माना जाता है और किससे बचना चाहिए, यह जानना जरूरी है. अगर आपके घर में भी सीढ़ियों के नीचे खाली जगह है, तो इसका इस्तेमाल करने से पहले वास्तु से जुड़ी इन बातों को जान सकते हैं.
सीढ़ियों के नीचे पूजा घर बनाना क्यों अनुचित है
Local18 से बातचीत में सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-62 फरीदाबाद के ज्योतिष आचार्य पंडित तरसेम शास्त्री बताते हैं कि सीढ़ियों के नीचे पूजा घर बनाना वास्तु के अनुसार बिल्कुल उचित नहीं माना जाता है. पूजा घर एक पवित्र स्थान होता है, जहां सकारात्मक ऊर्जा का वास माना जाता है. सीढ़ियों के ऊपर से लोगों का आना-जाना लगा रहता है और उनके पैर भी उसी जगह के ऊपर पड़ते हैं. ऐसे में पूजा घर के लिए यह स्थान उचित नहीं है. वास्तु मान्यताओं के अनुसार, इससे घर में मानसिक तनाव और आर्थिक परेशानियां आ सकती हैं.
सीढ़ियों के नीचे किचन बनवाने से क्यों बचना चाहिए
तरसेम शास्त्री बताते हैं कि सीढ़ियों के नीचे किचन बनवाना भी वास्तु के अनुसार ठीक नहीं माना जाता है. किचन को अग्नि देवता का स्थान माना जाता है. ऐसे में सीढ़ियों के नीचे चूल्हा या किचन होने से परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ने की मान्यता है. इस जगह पर किचन बनवाने से घर में अनुकूल वातावरण नहीं रहता और अन्न के भंडारण से जुड़ी परेशानियां भी हो सकती हैं.
सीढ़ियों के नीचे बाथरूम बनाना क्यों अशुभ माना जाता है
तरसेम शास्त्री बताते हैं कि सीढ़ियों के नीचे बाथरूम बनवाना भी वास्तु दोष का कारण माना जाता है. वास्तु मान्यताओं के अनुसार, ऐसी जगह पर राहु की नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव हो सकता है. इससे घर के मुखिया की तरक्की में बाधाएं आने और परिवार में नकारात्मकता बढ़ने की आशंका मानी जाती है. इसलिए मकान बनवाते समय इस जगह पर बाथरूम बनाने से बचना चाहिए.
सीढ़ियों के नीचे स्टोर रूम बनाने के जरूरी नियम
तरसेम शास्त्री बताते हैं कि सीढ़ियों के नीचे स्टोर रूम बनाना कुछ हद तक ठीक माना जा सकता है. हालांकि, इसके लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है. यहां आप ऐसा सामान रख सकते हैं, जिसका इस्तेमाल घर में कम होता है. लेकिन इस जगह पर कबाड़, टूटी-फूटी चीजें और बेकार सामान जमा करके नहीं रखना चाहिए. स्टोर रूम को साफ-सुथरा रखना भी जरूरी है.
खाली जगह का इस्तेमाल करने के सही तरीके
तरसेम शास्त्री बताते हैं कि सीढ़ियों के नीचे की खाली जगह का इस्तेमाल बुक शेल्फ या स्टडी शेल्फ बनाने के लिए किया जा सकता है. यहां छोटे सजावटी पौधे भी लगा सकते हैं. इसके अलावा जूतों का रैक भी बनाया जा सकता है. हालांकि, जूतों का रैक बनाने पर उस जगह को हमेशा साफ-सुथरा रखना चाहिए, ताकि गंदगी जमा न हो.
पहले से बने मकान में वास्तु दोष कैसे दूर करें
तरसेम शास्त्री बताते हैं कि अगर आपने पहले से बना मकान या फ्लैट खरीदा है और सीढ़ियों के नीचे पूजा घर, किचन या बाथरूम बना हुआ है, तो वास्तु मान्यताओं के अनुसार कुछ उपाय किए जा सकते हैं. इस जगह पर कपूर और नमक रखने की सलाह दी जाती है. इसके अलावा दीवारों पर हल्के रंगों का इस्तेमाल करना चाहिए. सीढ़ियों के नीचे की दीवार पर तांबे का वास्तु यंत्र या मोदक पिरामिड स्थापित करने का भी सुझाव दिया जाता है. हालांकि, इन उपायों के प्रभाव का कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है. इसलिए मकान बनवाते समय जगह का सही इस्तेमाल और घर की साफ-सफाई सबसे जरूरी है.