बिहार एमएलसी चुनाव में मतदान के फाइनल डेटा ने चौंकाया, 10% बढ़ गई वोटिंग, पटना ग्रेजुएट सीट पर 21.37 प्रतिशत का उछाल

बिहार एमएलसी चुनाव में मतदान के फाइनल डेटा ने चौंकाया, 10% बढ़ गई वोटिंग, पटना ग्रेजुएट सीट पर 21.37 प्रतिशत का उछाल


Last Updated:

Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर हुए चुनाव में मतदान के फाइनल आंकड़ों ने सबको चौंका दिया है. निर्वाचन आयोग के शाम चार बजे तक जारी आंकड़ों के मुकाबले फाइनल डेटा में स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में करीब 10 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लगभग 8 प्रतिशत का उछाल आया है. सबसे ज्यादा बढ़ोतरी पटना स्नातक सीट पर हुई है, जहां 21 प्रतिशत वोट बढ़ गया. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

बिहार MLC चुनाव फाइनल डेटा में 10 प्रतिशत बढ़ा मतदान

पटना. बिहार विधान परिषद की आठ स्नातक और शिक्षक सीटों पर हुए चुनाव के अंतिम मतदान आंकड़ों में बड़ा अंतर सामने आया है. निर्वाचन आयोग के 23 अक्टूबर की शाम 4 बजे तक जारी आंकड़ों के मुकाबले स्नातक सीटों पर मतदान 9.55 प्रतिशत अंक और शिक्षक सीटों पर 8.30 प्रतिशत अंक बढ़ गया. सबसे बड़ा बदलाव पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में दिखा, जहां मतदान 36.19% से बढ़कर 57.56% पहुंच गया. बता दें कि इस बार विधान परिषद चुनाव में सबसे हॉट सीट यही मानी जा रही है, क्योंकि इस सीट पर जेडीयू के नीरज कुमार और जन सुराज के अनुज सिंह के बीच मुकाबला खास चर्चा में रहा है. खास बात यह है कि इसी सीट पर जेडीयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने जन सुराज के अनुज सिंह को खुलकर समर्थन दिया है.

फाइनल आंकड़ों में स्नातक सीटों पर 53.42% मतदान

बिहार विधान परिषद की चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में अंतिम आंकड़ों के मुताबिक कुल 53.42% मतदान हुआ. पटना स्नातक सीट पर सबसे अधिक 57.56% वोट पड़े. तिरहुत में 48.51%, दरभंगा में 54.73% और कोसी में 54.73% मतदान दर्ज किया गया. शाम 4 बजे तक जारी आंकड़ों में स्नातक सीटों का कुल मतदान 43.87% था. पटना में 36.19%, तिरहुत में 42.15%, दरभंगा में 42% और कोसी में 52.51% मतदान दर्ज किया गया था. अंतिम आंकड़ों में पटना में 21.37, दरभंगा में 12.73, तिरहुत में 6.36 और कोसी में 2.22 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई.

शिक्षक सीटों पर भी बढ़ा मतदान

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में अंतिम मतदान प्रतिशत 82.85% रहा. सारण शिक्षक सीट पर सबसे अधिक 89.05% मतदान हुआ. दरभंगा में 85.87%, तिरहुत में 82.99% और पटना में 74.75% वोट पड़े. शाम 4 बजे तक शिक्षक सीटों का कुल मतदान 74.55% था. उस समय पटना में 56.89%, सारण में 87.16%, तिरहुत में 78.10% और दरभंगा में 79% मतदान दर्ज किया गया था. अंतिम आंकड़ों में पटना शिक्षक सीट पर 17.86, दरभंगा में 6.87, तिरहुत में 4.89 और सारण में 1.89 प्रतिशत अंक का अंतर आया.

आखिरी आंकड़ों में इतना अंतर क्यों आया?

निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, शाम 4 बजे तक मतदान केंद्रों पर कतार में लगे मतदाताओं को वोट डालने का अवसर दिया गया था. ऐसे में निर्धारित समय के बाद भी मतदान जारी रहने से अंतिम आंकड़ों में बढ़ोतरी हुई. अंतिम मतदान प्रतिशत तैयार होने में समय लगना भी इसकी वजह रहा. हालांकि, यहां ध्यान देने वाली बात है कि मतदान प्रतिशत में आया अंतर और वास्तविक वोटों की संख्या अलग-अलग चीजें हैं. इसलिए अंतिम आंकड़ों में बढ़ोतरी को सीधे किसी उम्मीदवार के पक्ष में वोटों का उछाल नहीं माना जा सकता.

पटना स्नातक सीट पर सियासी नजरें

बता दें कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र इस चुनाव की सबसे चर्चित सीटों में शामिल है. जेडीयू ने अपने मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को फिर उम्मीदवार बनाया है, जबकि जन सुराज ने डॉ. अनुज सिंह को मैदान में उतारा है. मोकामा के जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर अनुज सिंह का समर्थन किया है.
ऐसे में पटना स्नातक सीट पर मतदान के अंतिम आंकड़ों ने चुनावी चर्चा को और तेज कर दिया है. हालांकि, मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी से किसी उम्मीदवार की जीत या हार का अनुमान लगाना अभी संभव नहीं है.

27 अक्टूबर को होगी मतगणना

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था. इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. चुनाव में कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं. इसी क्रम में पटना की दोनों सीटों पर हुई बंपर वोटिंग ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है. अब सभी की निगाहें 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं.



Source link