Last Updated:
सत्यानाशी नामक जड़ी-बूटी पुरुषों के लिए बेहद फायदेमंद है. आयुर्वेद में इसे स्टैमिना, स्फूर्ति और शक्ति बढ़ाने वाली बहुमूल्य औषधि माना गया है, जो शारीरिक कमजोरी को दूर करती है.
आशीष कुमार/पश्चिम चम्पारण. प्रकृति में सत्यानाशी नाम का एक ऐसा हर्ब भी मौजूद है जो इंसानों में स्टैमिना, स्फूर्ति और शक्ति को बढ़ाने का काम करता है. गौर करने वाली बात यह है कि आयुर्वेद में इस पौधे का ज़िक्र एक बेहद प्रभावशाली और बहुमूल्य जड़ी बूटी के रूप में किया गया है, जो शरीर की जटिल समस्याओं का निवारण कर कमजोरी सहित अन्य कई रोगों का नाश करती है. इस लेख में हम आपको इसके उपयोग और करामाती गुणों की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं.
पुरुषों के लिए अमृत है सत्यानाशी
क़रीब 4 दशकों से जड़ी बूटियों पर काम कर रहे बेतिया के वैद्य वासुदेव महतो बताते हैं कि, अनगिनत दुर्लभ गुणों से भरपूर होने के बावजूद भी सत्यानाशी का पौधा ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी आसानी से मिल जाता है. पीले फूलों से लदे और नुकीली कांटेदार बनावट की वजह से इस पौधे को पहचानना बहुत आसान होता है. शरीर की दुर्बलता सहित अन्य कई गंभीर समस्याओं को दूर करने वाले इस पौधे को स्वर्णाक्षरी के नाम भी जाना जाता है.
शारीरिक कमजोरी का खात्मा
बकौल वासुदेव, शरीर की दुर्बलता या अन्य कमजोरी से जुड़ी किसी भी समस्या के उपचार के लिए सत्यानाशी वरदान के समान है. इसका अर्क निकालकर सही मात्रा में सेवन करने से पुरुषों में नपुंसकता और शारीरिक कमजोरी जैसी समस्याएं खत्म होती हैं. इसके लिए इसके पत्तों और तनों से रस निकाला जाता है और उसे रोजाना सुबह खाली पेट लिया जाता है.
अर्क के सेवन की सलाह
अगर कोई व्यक्ति लगातार एक महीने तक सत्यानाशी के अर्क का सेवन करता है, तो यौन क्षमता में अच्छा सुधार देखने को मिलता है और शरीर की कमजोरी दूर हो जाती है. अलग-अलग प्रकार की यौन समस्याओं में इस पौधे को नेचुरल टॉनिक के रूप में उपयोग किया जाता है.
Disclaimer: इस खबर में दी गई दवा/औषधि और हेल्थ बेनिफिट रेसिपी की सलाह, हमारे एक्सपर्ट्स से की गई चर्चा के आधार पर है. यह सामान्य जानकारी है, न कि व्यक्तिगत सलाह. हर व्यक्ति की आवश्यकताएं अलग हैं, इसलिए डॉक्टर्स से परामर्श के बाद ही, कोई चीज उपयोग करें. कृपया ध्यान दें, Local-18 की टीम किसी भी उपयोग से होने वाले नुकसान के लिए जिम्मेदार नहीं होगी.