Last Updated:
त्योहारों में लोग अपने घरों में एक से बढ़कर एक पकवान बनाते हैं. हालांकि, कई पकवान लोग सालों से खाते आ रहे हैं ऐसे में कुछ अलग हटकर और नए आइटम का स्वाद लेने का मन होता है. तो यदि आप भी इस त्योहारी सीजन में कुछ अलग हटकर मीठे का स्वाद लेना चाहते हैं तो बोकारो के शेफ देवाशीष ने सूजी की स्वादिष्ट बर्फी बनाने की आसान रेसिपी बताई है.
कैलाश कुमार: त्योहारों का सीजन आते ही घरों में तरह-तरह की मिठाइयां बनाने और खिलाने की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. ऐसे में अगर आप भी इस बार घर पर कुछ खास और स्वादिष्ट मिठाई बनाना चाहते हैं, तो सूजी की बर्फी एक बेहतरीन विकल्प है. इसे बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती और इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है. बोकारो के शेफ देवाशीष ने सूजी की बर्फी बनाने को लेकर आसान रेसिपी शेयर की है. सूजी की बर्फी बनाने के लिए एक कप सूजी, चार बड़े चम्मच चीनी, चार बड़े चम्मच घी और एक कटोरी पानी की जरूरत होगी. इसके अलावा बर्फी को सजाने और उसका स्वाद बढ़ाने के लिए काजू, पिस्ता और अखरोट का इस्तेमाल भी किया जा सकता है.
इस तरह तैयार करें सूजी की बर्फी
शेफ देवाशीष के अनुसार, सूजी की बर्फी बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में चार बड़े चम्मच घी डालकर गर्म करें घी गर्म करें फिर इसमें एक कप सूजी डालें और धीमी आंच पर अच्छी तरह भूनें, सूजी को लगातार चलाते रहें, ताकि वह पैन में चिपके नहीं और अच्छी तरह भुन जाए, सूजी के भुनने से मिठाई का स्वाद और खुशबू बेहतर हो जाती है.
इसके बाद एक दूसरे पैन में एक कटोरी पानी गर्म करें और उसमें चार बड़े चम्मच चीनी डाल दें. चीनी को पानी में अच्छी तरह घुलने तक पकाएं. जब चीनी घुल जाए तो इसमें पहले से भुनी हुई सूजी डालकर अच्छी तरह मिलाएं. मिश्रण को लगातार चलाते रहें, ताकि सूजी पानी और चीनी को अच्छी तरह सोख ले.
जब यह मिश्रण गाढ़ा होकर हलवे जैसी स्थिरता में आ जाए, तो गैस बंद कर दें. अब एक प्लेट या ट्रे में थोड़ा घी लगाकर उसे चिकना कर लें. तैयार मिश्रण को इसमें डालकर समान रूप से फैला दें. ऊपर से काजू, पिस्ता और अखरोट डालकर सजाएं.
आखिरी चरण में प्लेट को लगभग दो घंटे के लिए फ्रिज में रख दें, ताकि मिश्रण अच्छी तरह जम जाए और जब बर्फी जम जाए, तो इसे मनचाहे आकार में काट लें. इस तरह घर पर स्वादिष्ट सूजी की बर्फी तैयार हो जाएगी और बच्चों और मेहमानों के साथ इसका आनंद ले सकते हैं.