Goat Farming Profit Tips: बकरी पालन ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आमदनी का एक बेहतर माध्यम बन सकता है, लेकिन इस व्यवसाय में केवल बकरियां खरीदना, बच्चे पैदा कराना और उन्हें बेच देना ही पर्याप्त नहीं है. असली मुनाफा इस बात पर निर्भर करता है कि बकरियों को कब बेचा जाए, किन बच्चों को भविष्य के लिए रखा जाए, स्वास्थ्य प्रबंधन कैसे किया जाए और बाजार तक अपनी पहुंच कैसे बनाई जाए. सही प्रबंधन और बाजार की मांग को समझकर बकरी पालन को एक व्यवस्थित व्यवसाय में बदला जा सकता है. बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ दुष्यन्त यादव बताते हैं कि बकरी पालन शुरू करने वाले लोगों के लिए गर्भवती बकरियों का चयन एक महत्वपूर्ण निर्णय हो सकता है. ऐसी बकरियों का चयन किया जा सकता है जिनके प्रसव में लगभग तीन से चार महीने का समय शेष हो.
हेल्थ पर रखें विशेष ध्यान
बच्चों के जन्म के बाद उनकी देखभाल, पोषण और समय पर टीकाकरण पर विशेष ध्यान देना चाहिए. यदि किसी फार्म में बच्चों की मृत्यु दर अधिक रहती है, तो इससे कमाई पर सीधा असर पड़ता है. इसलिए बेहतर स्वास्थ्य प्रबंधन के जरिए मृत्यु दर को कम करना मुनाफे की दिशा में अहम कदम है.
इस उम्र में कर सकते हैं बिक्री
उन्होंने बताया कि ब्लैक बंगाल जैसी नस्लों के बच्चों की बिक्री लगभग छह महीने की उम्र से शुरू की जा सकती है. वहीं, बीटल जैसी नस्लों में बिक्री का समय उनके विकास, पालन-पोषण और स्थानीय बाजार की परिस्थितियों के अनुसार तय किया जा सकता है. छह महीने के स्वस्थ बच्चे की बिक्री से लगभग 4,000 से 5,000 रुपये तक की कीमत मिलने का अनुमान बताया गया है. बेहतर वजन और गुणवत्ता के लिए अधिक समय तक पालन करने पर भी लाभ मिल सकता है.
अच्छे बकरे-बकरियों को बेचने की जल्दबाजी पड़ सकती है भारी
उन्होंने बताया कि बकरी पालन में एक बड़ी गलती यह होती है कि फार्म संचालक शुरुआत में ही अपने सबसे अच्छे नर और मादा पशुओं को बेच देते हैं. इससे तत्काल कुछ रकम तो मिल सकती है, लेकिन भविष्य में फार्म की प्रजनन क्षमता और नस्ल की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है. इसीलिए उन्होंने सुझाव देते हुए बताया कि लगभग 60 प्रतिशत बेहतर मादा पशुओं और 10 प्रतिशत चुनिंदा नर पशुओं को प्रजनन के लिए अपने पास रखने की रणनीति अपनाई जा सकती है. बेहतर गुणवत्ता वाले पशुओं को प्रजनन के लिए रखने से आने वाली पीढ़ियों की गुणवत्ता सुधारने में मदद मिल सकती है. इससे फार्म की उत्पादकता लॉन्ग टर्म तक बनी रहती है.
इनब्रीडिंग से बचाव भी है मुनाफे का जरूरी हिस्सा
बकरी फार्म में लंबे समय तक एक ही नर बकरे से प्रजनन कराने पर निकट संबंधी पशुओं के बीच प्रजनन यानी इनब्रीडिंग का खतरा बढ़ सकता है. इससे कुछ परिस्थितियों में बच्चों की सेहत, प्रजनन क्षमता और विकास पर प्रभाव पड़ सकता है. इसलिए प्रजनन के लिए इस्तेमाल होने वाले नर बकरों को समय-समय पर बदलने या दूसरे असंबंधित नर का उपयोग करने की योजना बनानी चाहिए. इसके लिए लगभग डेढ़ से दो साल में नर बदलने का सुझाव दिया जाता है.
पशु चिकित्सक से संपर्क बचा सकता है बड़ा खर्च
बकरी पालन में बीमारी की पहचान, टीकाकरण, कृमिनाशक दवाओं का उचित उपयोग और संतुलित आहार बेहद महत्वपूर्ण हैं. फार्म संचालकों को स्थानीय पशु चिकित्सक के संपर्क में रहना चाहिए. समय पर बीमारी का पता लगने से पशुओं की मृत्यु और उपचार पर होने वाले अनावश्यक खर्च को कम किया जा सकता है. बकरी पालन की अर्थव्यवस्था का मूल सिद्धांत केवल अधिक कमाई करना नहीं, बल्कि खर्च को नियंत्रित करते हुए उत्पादन और लाभ के बीच संतुलन बनाना है.
मीट की दुकानों से लेकर डेयरी फार्म तक बनाएं बाजार
बकरी पालन में उत्पादन के साथ मार्केटिंग की भी अहम भूमिका है. अगर फार्म संचालक केवल बिचौलियों पर निर्भर रहते हैं, तो उन्हें कई बार उचित कीमत नहीं मिल पाती. इसके बजाय स्थानीय मांस विक्रेताओं, पशु व्यापारियों, होटल-रेस्तरां और सीधे खरीदारों से संपर्क विकसित करना फायदेमंद हो सकता है. ईद और अन्य त्योहारों के दौरान अच्छे नर बकरों की मांग बढ़ सकती है. इसके अलावा, उन्नत नस्ल के प्रजनक नर और मादा पशुओं की बिक्री भी आय का एक अलग स्रोत बन सकती है. जहां स्थानीय स्तर पर मांग और खरीदार उपलब्ध हों, वहां बकरी के दूध को डेयरी या अन्य प्रसंस्करण इकाइयों तक पहुंचाने की संभावना भी तलाश की जा सकती है.
छोटी-छोटी रणनीतियों से तैयार होगा बड़ा कारोबार
बकरी पालन को सफल व्यवसाय बनाने के लिए नस्ल का चयन, वैज्ञानिक प्रजनन, बच्चों की देखभाल, स्वास्थ्य प्रबंधन, खर्च का हिसाब और बाजार से सीधा संपर्क इन सभी पहलुओं पर एक साथ काम करना होगा. बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों से तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त करके किसान और नए उद्यमी वैज्ञानिक तरीकों को अपने फार्म में लागू कर सकते हैं.