‘गैंगरेप पीड़िता को 2 करोड़, जज को भी दी रिश्वत’ मरियम नवाज का फूटा गुस्सा, बेल पाकर भी आरोपी गिरफ्तार

‘गैंगरेप पीड़िता को 2 करोड़, जज को भी दी रिश्वत’ मरियम नवाज का फूटा गुस्सा, बेल पाकर भी आरोपी गिरफ्तार


पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में अजरबैजान की 20 वर्षीय महिला से कथित गैंगरेप के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने आरोप लगाया है कि इस मामले की सुनवाई कर रहे जज ने मुख्य आरोपी को जमानत देने के बदले उससे रिश्वत ली. मरियम नवाज ने यह भी कि मुख्य आरोपी अहमद तनवीर ने महिला को उनके खिलाफ लगाए गए आरोप वापस लेने के लिए 70,000 अमेरिकी डॉलर देने की पेशकश की थी.

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, अजरबैजान की राजधानी बाकू की रहने वाली 20 वर्षीय महिला इसी साल सितंबर के मध्य में कारोबारी काम से पाकिस्तान आई थी. 25 सितंबर को लाहौर के डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी (DHA) इलाके में दो महिलाएं उसे एक कैफे में ले गईं, जहां तीन पुरुष भी उनके साथ शामिल हो गए.

पीड़ित महिला के मुताबिक, बाद में इन पुरुषों ने उसे और दो साथी महिलाओं को उनके गंतव्य तक छोड़ने की पेशकश की. पुलिस के मुताबिक, फिर वे अजरबैजान की महिला को एक फ्लैट में ले गए, जहां उन्होंने शराब पी और फिर उसके साथ गैंगरेप किया गया.

पुलिस ने इस मामले में दो पुरुष आरोपियों और दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अहमद तनवीर जमानत पर था. हालांकि, शुक्रवार को अग्रिम जमानत की अवधि बढ़ाए जाने के बावजूद पुलिस ने तनवीर को लाहौर की सत्र अदालत के बाहर गिरफ्तार कर लिया.

दो करोड़ रुपये देकर मुंह बंद करवाने का आरोप

मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने तनवीर की गिरफ्तारी को सही ठहराते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘कोई भी बलात्कारी या अपराधी केवल इसलिए न्याय से बच नहीं सकता कि उसके पास पैसा है.’ उन्होंने कहा कि यह बात सामने आई है कि आरोपी के संपन्न परिवार ने पीड़िता को अपने आरोप वापस लेने के बदले दो करोड़ पाकिस्तानी रुपये (करीब 72,000 अमेरिकी डॉलर) देने की पेशकश की थी, जबकि दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164 के तहत उसका बयान पहले ही दर्ज किया जा चुका था.

मरियम नवाज ने कहा, ‘यह आरोप भी है कि आरोपी को जमानत देने वाले जज को रिश्वत दी गई थी. अगर ये आरोप सही हैं, तो इससे न्याय व्यवस्था की ईमानदारी और दुष्कर्म पीड़िताओं पर धन के दबाव और सत्ता के दुरुपयोग के गंभीर खतरे को लेकर चिंताजनक सवाल उठते हैं.’

कोर्ट कैंपस के बाहर फिर गिरफ्तार

शुक्रवार को आरोपी अपने वकील के साथ अतिरिक्त जिला और सत्र जज रफाकत अली गोंडल के सामने पेश हुआ था. वकील ने अदालत में शिकायतकर्ता का एक वीडियो बयान पेश किया, जिसमें वह तीन आरोपियों के खिलाफ पहले लगाए गए आरोप वापस लेती नजर आ रही थी. जज ने फिर आरोपी तनवीर की अग्रिम जमानत की अवधि मंगलवार तक बढ़ा दी.

याचिकाकर्ता की तरफ से जमानत पर होने के बावजूद कोर्ट परिसर में ही दोबारा गिरफ्तारी की आशंका जताए जाने पर जज ने सिक्युरिटी गार्ड्स को निर्देश दिया कि आरोपी को अदालत परिसर से सुरक्षित निकलने दिया जाए. हालांकि, आरोपी जैसे ही अदालत परिसर से बाहर निकला, पुलिसकर्मियों ने उसके सहयोगियों के कड़े विरोध के बावजूद उसे गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए. पुलिस ने आरोपी के कई सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया है.

उधर आरोपी के पिता ने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस के अपराध नियंत्रण विभाग (सीसीडी) ने उनके बेटे को गैरकानूनी तरीके से गिरफ्तार किया है. उन्होंने यह आशंका भी जताई कि सीसीडी उनके बेटे को फर्जी मुठभेड़ में मार देगा.



Source link