संकट से पार पाकर भारत ने दर्ज की रोमांचक जीत, कप्तान श्रेयस अय्यर बोले- हर खिलाड़ी मैच विनर

संकट से पार पाकर भारत ने दर्ज की रोमांचक जीत, कप्तान श्रेयस अय्यर बोले- हर खिलाड़ी मैच विनर


नई द‍िल्‍ली. क्रिकेट के मैदान पर जब कभी दबाव अपने चरम पर होता है, असली चैंप‍ियंस की पहचान तभी होती है. भारतीय क्रिकेट टीम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मुश्किल परिस्थितियों से निकलकर जीत हासिल करना उनका पुराना हुनर है. न्‍यूजीलैंड के ख‍िलाफ दूसरे टी20 रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज करने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टीम के प्रदर्शन, युवा खिलाड़ियों के अदम्य साहस और मैच के अहम पलों पर खुलकर बात की. भारतीय कप्‍तान ने टीम के हर ख‍िलाड़ी को मैच व‍िनर बता डाला.

भारत ने तिलक वर्मा (नाबाद 51 रन) के अर्धशतक और नीतिश कुमार रेड्डी (नाबाद 26 रन) के साथ सातवें विकेट के लिए 30 गेंद में 69 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत शुरूआती झटकों से उबरते हुए एक गेंद रहते चार विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की. तिलक (26 गेंद, छह चौके, एक छक्का) और नीतिश कुमार (13 गेंद, एक चौका, एक छक्का) ने ऐसे समय में जिम्मेदारी संभाली, जब टीम 15वें ओवर में 112 रन पर छह विकेट गंवाकर मुश्किल में थी. लेकिन दोनों ने सूझबूझ और संयम से बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में छह विकेट पर 181 रन बनाकर भारत को पांच मैच की श्रृंखला में 2-0 से आगे कर दिया.

मैच के दौरान एक समय ऐसा आया जब भारतीय पारी लड़खड़ाती हुई नजर आ रही थी. लगातार गिरते विकेटों ने ड्रेसिंग रूम की धड़कनें बढ़ा दी थीं. इस पर बात करते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) ने बेहद ईमानदारी से स्वीकार किया, ‘ईमानदारी से कहें तो जब हमने लगातार विकेट गंवाए, तो हमें लगा कि मैच हमारे हाथ से फिसलता जा रहा है.’ लेकिन इसके बाद जो हुआ, वह भारतीय क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य की गवाही देता है. संकट के उन क्षणों में तिलक वर्मा और रेड्डी ने मैदान पर अद्भुत संयम और चरित्र का परिचय दिया. दोनों ने ना सिर्फ पारी को संभाला, बल्कि हार के मुंह से मैच को खींचकर भारत की झोली में डाल दिया.

युवा प्रतिभाओं का चमकता सितारा नमन धीर
इस जीत में एक और नाम जिसकी सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है, वह है नमन धीर (Naman Dhir). उनके छोटे लेकिन बेहद प्रभावशाली कैमियो ने मैच का रुख मोड़ने में अहम भूमिका निभाई. नमन धीर की तारीफ करते हुए कप्तान अय्यर ने कहा कि उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू श्रृंखला के दौरान भी इस खिलाड़ी की क्षमता को करीब से देखा था. श्रेयस ने नमन की बहुमुखी प्रतिभा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वह सिर्फ एक शानदार बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि एक बेहतरीन गेंदबाज भी हैं. जब टीम में कोई खिलाड़ी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में माहिर होता है, तो वह टीम को एक अलग ही संतुलन और ऊर्जा देता है. इसके अलावा, मैदान पर उनकी चुस्ती-फुर्ती उन्हें एक पूर्ण और ‘कॉम्प्रिहेंसिव’ खिलाड़ी बनाती है.

न्यूजीलैंड के स्पिनरों की चुनौती और सीख
जीत के जश्न के बीच कप्तान ने मैच के दौरान आई मुश्किलों का भी जिक्र किया. कीवी टीम के अनुभवी स्पिनरों मिचेल सेंटनर और माइकल ब्रेसवेल ने बीच के ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों पर शिकंजा कसे रखा. अय्यर ने माना कि शुरुआती ओवरों में टीम ने कुछ ज्यादा ही डॉट गेंदें खेलीं, जिससे रन रेट का दबाव लगातार बढ़ता चला गया.

उन्होंने कहा, ‘हम आसानी से रन गति बनाए रखना चाहते थे, लेकिन ब्रेसवेल और सेंटनर ने जिस तरह से बीच के ओवरों में गेंदबाजी की, उसने खेल को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया. गेंद को टाइम करना आसान नहीं था. अगर हमने गैप ढूंढकर बाउंड्री बटोरी होती, तो मैच और भी आसानी से हमारे नाम हो सकता था.’ हालांकि, कप्तान ने इसे खेल का एक हिस्सा मानते हुए स्वीकार किया कि कभी-कभार ऐसी चुनौतियां सामने आती हैं, लेकिन मजबूत टीमें इनसे सीख लेकर और ताकतवर होकर वापसी करती हैं.



Source link