Last Updated:
Gold Silver Price Today: त्योहारों और दिवाली की आहट के बीच वाराणसी के सर्राफा बाजार से खरीदारों के लिए राहत भरी और बड़ी खबर सामने आई है. बाजार में सोने और चांदी दोनों के तेवर ढीले पड़ गए हैं. हफ्ते भर के भीतर जहां सोना ₹2100 प्रति 10 ग्राम तक टूट गया, वहीं चांदी में ₹28,000 प्रति किलो की ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई है. भाव गिरते ही जहां एक तरफ एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है, वहीं कीमतों में और कमी की उम्मीद में बाजार में एक अलग तरह की हलचल भी देखने को मिल रही है.
Gold Silver Price Today: सर्राफा बाजार में लगातार सोने और चांदी की चमक फीकी पड़ रही है. अक्टूबर महीने के तीसरे सप्ताह में भी इसकी कीमतों में भारी कमी आई है. लगातार गिरते भाव से बाजार में खलबली मच गई है. वहीं दूसरी तरफ लोग दिवाली से पहले सोने-चांदी की खरीदारी के लिए अब ऑर्डर भी देने लगे हैं. बताते चलें कि बीते एक सप्ताह में सोने की कीमतों में 2100 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी आई है. वहीं चांदी के भाव में बड़ी गिरावट हुई है.
24, 22 और 18 कैरेट सोने के ताजा भाव
24 अक्टूबर शनिवार को वाराणसी के सर्राफा बाजार में 24 कैरेट शुद्ध सोने की कीमत 1,46,900 रुपये प्रति 10 ग्राम रही. वहीं बीते सप्ताह इसका भाव 1,49,000 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा. यानी बीते एक सप्ताह में 24 कैरेट सोने की कीमत में 2100 रुपये की कमी आई है. वहीं बात 22 कैरेट सोने की करें तो आज बाजार में उसका भाव 1,34,650 रुपये प्रति 10 ग्राम है.
बीते सप्ताह 17 अक्टूबर को इसकी कीमत 1,36,600 रुपये प्रति 10 ग्राम थी. यानी बीते सप्ताह की अपेक्षा 22 कैरेट सोने की कीमत में 1950 रुपये की कमी आई है. इसके अलावा बात 18 कैरेट सोने की करें तो आज बाजार में उसका भाव 1,09,950 रुपये प्रति 10 ग्राम है. बताते चलें कि सोने की खरीदारी से पहले उसकी शुद्धता की जांच जरूर करनी चाहिए.
28000 रुपये लुढ़की चांदी
सोने से इतर बात चांदी की कीमत की करें तो आज बीते सप्ताह की अपेक्षा इस सप्ताह चांदी की कीमतों में बड़ी कमी आई है. 24 अक्टूबर को सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 2,01,000 रुपये प्रति किलो रही. बीते सप्ताह इसकी कीमत 2,29,000 रुपये प्रति किलो थी. इस लिहाज से एक सप्ताह में चांदी के भाव में 28000 रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई है.
उतार-चढ़ाव के बीच ग्राहकों के कदम ठहरे
सर्राफा कारोबारी विश्वजीत वर्मा ने बताया कि सोने-चांदी के लगातार गिरते भाव से ग्राहक भी फिलहाल थोड़े ठहरे हैं. क्योंकि उन्हें भी उम्मीद लग रही है कि आगे इसकी कीमतों में थोड़ी और कमी आ सकती है. उन्होंने बताया कि जब भी बाजार में तेजी से उतार-चढ़ाव होता है उस वक्त ग्राहकों के कदम खरीदारी के लिए थोड़े ठहर जाते हैं.