वैशाली में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, भाई की गोली मारकर हत्या; पिस्टल लेकर SSP ऑफिस में सरेंडर

वैशाली में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, भाई की गोली मारकर हत्या; पिस्टल लेकर SSP ऑफिस में सरेंडर


Last Updated:

Vaishali News : बिहार के वैशाली में जमीन विवाद के चलते सेना के पूर्व जवान सुरेश सिंह ने अपने सगे भाई सोमनाथ सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी ने पिस्टल के साथ एसएसपी कार्यालय में सरेंडर कर दिया.

Zoom

बताया जा रहा है कि इसी जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ता गया.

वैशाली. बिहार के वैशाली जिले में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया. करताहा थाना क्षेत्र के धनुषी गांव में सगे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान सोमनाथ सिंह के रूप में हुई है. हत्या का आरोप उनके ही भाई सुरेश सिंह पर है. बताया जा रहा है कि सुरेश सिंह सेना में जवान रह चुके हैं. वारदात के बाद आरोपी ने पिस्टल के साथ वैशाली एसएसपी शुभांक मिश्रा के कार्यालय में पहुंचकर सरेंडर कर दिया.

मिली जानकारी के अनुसार, धनुषी गांव में सोमनाथ सिंह और उनके भाई सुरेश सिंह के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. विवाद को सुलझाने के लिए गांव में कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन दोनों भाइयों के बीच मामला नहीं सुलझ सका. बताया जा रहा है कि इसी जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ता गया. शनिवार को विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और गोलीबारी की घटना हो गई.

छह राउंड गोली चलने की बात

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान करीब छह राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है. इनमें से दो गोलियां सोमनाथ सिंह को लगीं. गोली लगने के बाद उनकी मौत हो गई. वारदात के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही करताहा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ गोलीबारी की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है.

पिस्टल लेकर SSP कार्यालय पहुंचा आरोपी

वारदात के बाद आरोपी सुरेश सिंह ने पिस्टल के साथ वैशाली एसएसपी शुभांक मिश्रा के कार्यालय में पहुंचकर सरेंडर कर दिया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी में इस्तेमाल पिस्टल कहां से आई और घटना के पीछे जमीन विवाद की पूरी पृष्ठभूमि क्या है. साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं.

पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच

एसडीपीओ सदर-2 गोपाल मंडल ने घटना की जानकारी दी है. पुलिस के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जमीन विवाद से जुड़े दस्तावेज और पूर्व में हुई पंचायत समेत अन्य बिंदुओं को भी जांच के दायरे में रखा गया है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद धनुषी गांव में तनाव का माहौल है. पुलिस पूरे मामले की जांच के साथ इलाके में स्थिति पर नजर बनाए हुए है.



Source link