पटना में खौफनाक वारदात, दुर्गा मंदिर में मिला मासूम का सिर; बच्चे की हत्या से दहशत में लोग


Last Updated:

Patna News : बिहार के पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल के जीतन छपरा गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. रानीतालाब थाना क्षेत्र के दुर्गा मंदिर में करीब डेढ़ साल के बच्चे का सिर मिलने से सनसनी फैल गई. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. शुरुआती जांच में बच्चे के बड़े भाई अजीत कुमार उर्फ बाला पर हत्या का आरोप सामने आया है.

Top Deals Inside

पटना में खौफनाक वारदात, दुर्गा मंदिर में मिला मासूम का सिर; बड़ा भाई गिरफ्तारZoom

परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है और FSL टीम भी घटनास्थल की जांच कर रही है.

पटना. बिहार के पटना जिले के पालीगंज अनुमंडल से शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. रानीतालाब थाना क्षेत्र के जीतन छपरा गांव स्थित दुर्गा मंदिर में एक मासूम बच्चे का सिर मिलने से सनसनी फैल गई. ग्रामीणों ने मंदिर में बच्चे का सिर देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

जानकारी के अनुसार, जीतन छपरा गांव निवासी रंजू यादव का सबसे छोटा बेटा करीब डेढ़ साल का था. शनिवार को बच्चे का सिर गांव के दुर्गा मंदिर में मिला. बताया जा रहा है कि बच्चे का बड़ा भाई अजीत कुमार उर्फ बाला उसे घर से गोद में उठाकर करीब 200 मीटर दूर स्थित मंदिर ले गया था. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बच्चे की हत्या कर उसका सिर मंदिर में रखा गया. हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है.

नशे का आदी बताया जा रहा आरोपी भाई

परिजनों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, 22 वर्षीय अजीत कुमार उर्फ बाला पिछले कुछ महीनों से नशे का आदी था. पुलिस इसी पहलू को ध्यान में रखते हुए भी जांच कर रही है. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था. हालांकि, पुलिस ने आरोपी अजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी बरामद किए जाने की जानकारी है.

FSL टीम ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद पालीगंज डीएसपी-2 पंकज शर्मा भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने मामले की जांच के लिए पटना से FSL टीम को सूचना दी. FSL की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने और मामले की जांच में लगी है. पालीगंज डीएसपी-2 पंकज शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी कि जीतन छपरा गांव के दुर्गा मंदिर में किसी बच्चे का सिर रखा हुआ है. सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई.

डीएसपी ने बताया कि घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है और FSL टीम भी घटनास्थल की जांच कर रही है. आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. घटना के बाद जीतन छपरा गांव में दहशत का माहौल है. पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है.



Source link