Bihar Mausam: बंगाल की खाड़ी में हलचल जारी, बिहार में होगी बारिश या बढ़ेगी ठंड? जानें IMD का अपडेट


Last Updated:

Bihar Aaj Ka Mausam: बंगाल की खाड़ी में बने वेदर सिस्टम के कारण बिहार के मौसम में बदलाव आ रहा है. फिलहाल राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है और बारिश की कोई बड़ी चेतावनी नहीं है. हालांकि, सुबह और रात के समय हल्की ठंड का अहसास होने लगा है. तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

बंगाल की खाड़ी में हलचल जारी, बिहार में होगी बारिश या बढ़ेगी ठंड? जानें अपडेटZoom

बिहार वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)

पटना: बिहार में अब मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है. सुबह और रात के समय हल्की ठंड का अहसास होने लगा है. मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल राज्यभर में मौसम आमतौर पर शुष्क बना हुआ है. अगले कुछ दिनों तक बारिश की कोई बड़ी संभावना नहीं है. हालांकि, बंगाल की खाड़ी में एक नया वेदर सिस्टम बन रहा है, जिस पर मौसम विभाग की कड़ी नजर है. आइए जानते हैं आज बिहार में मौसम का हाल कैसा है.

बंगाल की खाड़ी में हलचल

  • मौसम विज्ञान केंद्र पटना के पूर्वानुमान के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में एक मजबूत मौसमी हलचल शुरू हो गई है. दक्षिण-पूर्व और उससे सटे मध्य-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. इसके साथ ही ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण भी पूरी तरह सक्रिय है. यह सिस्टम लगातार मजबूत हो रहा है. मौसम विभाग का अनुमान है कि यह धीरे-धीरे आगे बढ़कर डिप्रेशन और फिर डीप डिप्रेशन का रूप ले सकता है. इसके आगे चलकर चक्रवाती तूफान में बदलने की भी संभावना जताई गई है. यह सिस्टम मुख्य रूप से उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट की ओर बढ़ रहा है.

बिहार के मौसम पर क्या होगा असर?

  • इस मौसमी सिस्टम का फिलहाल बिहार पर कोई सीधा और बड़ा असर पड़ने की बात नहीं कही गई है. मौसम विभाग ने राज्य के किसी भी जिले के लिए आज कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है. पूरे बिहार में आज मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है. हालांकि, जैसे-जैसे बंगाल की खाड़ी का यह सिस्टम मजबूत होकर आगे बढ़ेगा, राज्य के मौसम पर इसका हल्का अप्रत्यक्ष प्रभाव दिख सकता है. विशेष रूप से बिहार के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में आसमान में बादलों की आवाजाही या हवा के रुख में बदलाव देखने को मिल सकता है. फिलहाल किसी भी जिले में भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है.

कब से पढ़ेगी कड़ाके की ठंड?

  • मौसम विभाग की मानें तो अगले चार दिनों तक राज्य के न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है. इसका मतलब है कि अभी बिहार में अचानक से कड़ाके की ठंड पड़ने वाली नहीं है. लेकिन, सुबह और रात के वक्त गुलाबी ठंड का अहसास अब साफ महसूस होने लगा है. तापमान में आ रही इस हल्की गिरावट से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है.

कैसा रहा कल का तापमान?

  • बीते दिन राज्य के अलग-अलग जिलों में तापमान में विविधता देखने को मिली. रोहतास जिले के डेहरी में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे बिहार में सबसे कम रहा। राज्यभर का न्यूनतम तापमान 16.2 से 23.1 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया. वहीं, दूसरी ओर अधिकतम तापमान की बात करें तो कैमूर में सबसे अधिक 35.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. इसके अलावा राजधानी पटना में 31.9 डिग्री, दरभंगा में 33 डिग्री, भागलपुर में 30.8 डिग्री, गया में 30.1 डिग्री और मुजफ्फरपुर में 29.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया. दिन के समय धूप खिलने से मौसम सामान्य बना हुआ है.

आगे कैसा रहेगा मौसम?

  • दुर्गा पूजा के बाद अब बिहार का मौसम धीरे-धीरे ठंड की ओर आगे बढ़ रहा है. आने वाले दिनों में तापमान में क्रमिक गिरावट आने की संभावना है. बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम के सटीक ट्रैक और प्रभाव के आधार पर ही आगे की स्थिति साफ हो पाएगी. फिलहाल आज के दिन लोगों को साफ और शुष्क मौसम मिलने से राहत है.



Source link