Last Updated:
Kailash Vijayvargiya: मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के घर में नीले ड्रम रखे हुए हैं. जिसमें वह RO का वेस्ट वाटर जमा करते हैं. जिस पानी के बेकार समझकर बहा दिया जाता है. वह उसे जमा करते हैं, जिससे उसे घर के रोजाना के कामों में लाया जा सके.
कैलाश विजयवर्गीय के घर क्यों रखे हुए हैं नीले ड्र्म?
मालवा-निमाड़ क्षेत्र में करीब 21 से 22 इंच बारिश हुई है, जो उम्मीद से काफी कम है. आने वाली गर्मियों में पानी की भारी किल्लत से निपटने के लिए अभी से सतर्क होने की जरूरत है. नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पानी की बचत को लेकर एक शानदा उदाहरण पेश किया है, जो उन्होंने अपने घर के लिए अपनाया हुआ है.
RO के वेस्ट वाटर का कैलाश विजयवर्गीय कैसे करते हैं इस्तेमाल?
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने घर का उदाहरण देते हुए बताया कि उनके घर में दो आरओ (RO) लगे हुए हैं. उनके परिवार में करीब 25 से 30 लोग रहते हैं और रोजाना आने-जाने वाले मेहमानों (करीब 300 से 400 लोग) के कारण पानी की खपत काफी ज्यादा है. आमतौर पर आरओ से एक गिलास शुद्ध पानी मिलने पर लगभग दो गिलास पानी वेस्ट के रूप में बह जाता है. इस बर्बादी को रोकने के लिए उन्होंने आरओ के पाइप को थोड़ा लंबा करके नीचे रखी बड़ी नीली टंकियों (ड्रम) में जोड़ दिया है.
घर के कामों में इस्तेमाल हो सकता है RO का वेस्ट वाटर
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि आरओ से निकलने वाले इस पानी को बहाने के बजाय जमा करके कई घरेलू कार्यों में आसानी से उपयोग किया जा सकता है, जैसे कपड़े धोना, घर या फर्श की धुलाई, पौधों में पानी देना. उनका मैसेज साफ है कि घर में किए गए छोटे बदलाव भी उपयोगी साबित हो सकते हैं.
मंत्री की आम जनता से अपील
मंत्री विजयवर्गीय का कहना है कि यदि हम सब अभी से पानी की बचत करने की आदत अपने परिवार में डाल लें, तो आने वाली गर्मियों में गंभीर जल संकट और परेशानियों से बचा जा सकता है. थोड़ी सी सूझबूझ और छोटी-छोटी आदतें बदलकर हम जल संरक्षण में अपना बड़ा योगदान दे सकते हैं.
कम बारिश बनी एक बड़ी चुनौती
इस बार मालवा-निमाड़ क्षेत्र में केवल 21 से 22 इंच ही बारिश दर्ज की गई है. आने वाले दिनों में पानी की उपलब्धता एक गंभीर चुनौती बन सकती है. इस कम बारिश का सीधा असर नर्मदा नदी, तालाबों और ग्राउंड वाटर के स्तर पर पड़ रहा है.
(रिपोर्ट-मिथिलेश गुप्ता)