शादी के लिए नहीं मानी लड़की तो करवाचौथ का सामान लेकर घर पहुंच गया लड़का, स्नैपचैट की दोस्ती ने दिखाया गजब रंग!

शादी के लिए नहीं मानी लड़की तो करवाचौथ का सामान लेकर घर पहुंच गया लड़का, स्नैपचैट की दोस्ती ने दिखाया गजब रंग!


ग्वालियर: सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती ने ऐसा रंग दिखाया कि ग्वालियर के एक परिवार के होश ही उड़ गए. दरअसल, गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में एक युवती की गुजरात के युवक से स्नैप चैट पर बातचीत के दौरन दोस्ती हो गई. बात इतनी बढ़ गई युवक करवा चौथ का सामान लेकर युवती के घर पहुंच गया.

इसके बाद जमकर हंगामा हुआ. बताया जा रहा कि युवक युवती पर शादी करने का दबाव बना रहा था, लेकिन युवती ने इनकार कर दिया. तब युवक ने हद पार दी. युवती ने युवक पर पीछा करने, छेड़छाड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

स्नैपचैट से हुई थी दोस्ती
पीड़िता के अनुसार करीब सात महीने पहले उसकी पहचान स्नैपचैट के माध्यम से हुई थी. आरोपी की पहचान साहिल पटेल, पुत्र सतीश भाई पटेल (निवासी अहमदाबाद, गुजरात) के रूप में हुई है. शुरुआत में दोनों के बीच चैट और फोन पर सामान्य बातचीत होती थी.

दोस्तों से बात करने से रोकने लगा
बातचीत के दौरान आरोपी साहिल युवती पर उसके दोस्तों से बात न करने की पाबंदी लगाने लगा. साथ ही वह उस पर शादी करने का लगातार दबाव बनाने लगा. जब युवती ने मना कर दिया और बातचीत बंद कर दी तो आरोपी फोन और मैसेज करके उसे परेशान करने लगा.

14 जून को घर के बाहर हंगामा
शिकायत के मुताबिक 14 जून 2026 को आरोपी साहिल अचानक युवती के घर के सामने पहुंच गया. वहां उसने हंगामा किया और हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की. विरोध करने पर आरोपी ने अपनी नस काटने और परिवार को जान से मारने की धमकी दी. विवाद बढ़ने पर वह उस समय माफी मांगकर चला गया.

सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की धमकी
इसके बाद भी आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं. 30 अगस्त की रात आरोपी एक बार फिर युवती के घर के सामने आ धमका. उसने धमकी दी कि अगर उसने शादी नहीं की तो वह उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करके उसे बदनाम कर देगा.

करवा चौथ का सामान लेकर पहुंचा घर
उत्पीड़न की हद तब पार हो गई जब साहिल करवा चौथ का सामान और गिफ्ट लेकर युवती के घर पहुंच गया. आरोपी लगातार घर आकर और उपहार भेजकर परेशान कर रहा था, जिससे पीड़िता का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया था.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और गोला का मंदिर थाने पहुंची. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी साहिल पटेल के खिलाफ धारा 74, 75(2), 78(2) और 351(3) BNS के तहत एफआईआर दर्ज की और उसे गिरफ्तार कर लिया है.



Source link