रोटी हो या दाल-चावल, हर खाने का स्वाद बढ़ा देगी ये चटनी, नोट करें रेसिपी
Last Updated:
खाने के साथ चटनी मिल जाए, तो भोजन का स्वाद और बढ़ जाता है. अगर आप घर पर कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं, तो सहजन की पत्तियों से बनी चटनी बना सकते हैं. गोंडा के कृषि विज्ञान केंद्र गोपालग्राम की गृह विज्ञान एक्सपर्ट डॉ. ममता त्रिपाठी से जानिए सहजन की चटनी बनाने की आसान विधि, सामग्री और इसे खाने का तरीका.
गोंडा. खाने के साथ चटनी मिल जाए, तो साधारण खाना भी स्वादिष्ट लगने लगता है. अगर आप घर पर कुछ अलग और चटपटा बनाना चाहते हैं, तो सहजन की पत्तियों से बनी चटनी ट्राई कर सकते हैं. इसे बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती और घर में मौजूद चीजों से ही यह आसानी से तैयार हो जाती है. दीनदयाल शोध संस्थान कृषि विज्ञान केंद्र गोपालग्राम की गृह विज्ञान एक्सपर्ट डॉ. ममता त्रिपाठी ने लोकल 18 से बातचीत में सहजन की चटनी बनाने का तरीका बताया.
डॉ. ममता त्रिपाठी के मुताबिक, चटनी बनाने के लिए करीब 250 ग्राम सहजन की कोमल पत्तियां लें. इन्हें हल्का भूनने के बाद इनका वजन घटकर करीब 100 ग्राम रह जाता है. इसी भुनी हुई सामग्री से चटनी तैयार की जाती है.
सहजन की चटनी बनाने के लिए 100 ग्राम भुनी हुई सहजन की पत्तियां, 4 चम्मच मूंगफली के दाने, 2 चम्मच सफेद तिल, 4 से 5 लहसुन की कलियां और स्वाद के अनुसार हरी या लाल मिर्च लें. इसके अलावा अमचूर पाउडर या नींबू का रस, काला नमक और सफेद नमक भी जरूरत के अनुसार इस्तेमाल करें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
सबसे पहले सहजन की कोमल पत्तियों को तोड़कर अच्छी तरह साफ कर लें. अब एक कढ़ाई गर्म करें और पत्तियों को हल्का भून लें. इससे उनका कच्चापन दूर हो जाता है और चटनी का स्वाद बेहतर होता है. भूनने के बाद पत्तियों को कढ़ाई से निकालकर ठंडा होने दें. करीब 250 ग्राम पत्तियों को भूनने के बाद लगभग 100 ग्राम सामग्री बचती है.
अब कढ़ाई में 4 चम्मच मूंगफली के दाने डालकर धीमी आंच पर भूनें. इसमें 4 से 5 लहसुन की कलियां, स्वाद के अनुसार हरी या लाल मिर्च और 2 चम्मच सफेद तिल डाल दें. सभी चीजों को हल्का भून लें, ताकि उनका स्वाद अच्छी तरह उभरकर आए.
अब भुनी हुई मूंगफली, तिल, लहसुन और मिर्च को मिक्सर में डालें. इसमें भुनी हुई सहजन की पत्तियां भी मिला दें. इसके बाद अमचूर पाउडर या नींबू का रस और स्वाद के अनुसार काला नमक व सफेद नमक डालें. सभी सामग्री को अच्छी तरह पीस लें. इस तरह सहजन की स्वादिष्ट चटनी तैयार हो जाएगी. अगर आपको पतली चटनी पसंद है, तो इसमें थोड़ा पानी डालकर दोबारा पीस सकते हैं.
डॉ. ममता त्रिपाठी के अनुसार, सहजन की चटनी को रोटी, पराठे, दाल-चावल और पूरी-सब्जी के साथ खाया जा सकता है. सहजन की पत्तियों में कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, इसलिए इन्हें भोजन में शामिल करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है. इस चटनी की खासियत यह है कि इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली ज्यादातर सामग्री घर की रसोई में आसानी से मिल जाती है.