Last Updated:
Darbhanga Bagicha Mutton Recipe: दशहरा खत्म होने के बाद दरभंगा के युवाओं ने होटल जाने के बजाय बगीचे में एक खास तरीके से स्वादिष्ट मटन तैयार किया. इस अनोखे अंदाज और लाजवाब स्वाद की तारीफ हर कोई कर रहा है, जिसके आगे फाइव स्टार होटल का स्वाद भी फेल नजर आया.
Bagicha Mutton Recipe: दशहरा के 9 दिन लोग सात्विक भोजन करते हैं, लेकिन दशहरा खत्म होते ही नॉनवेज प्रेमी अपने पसंदीदा व्यंजन की ओर लौट आते हैं. ऐसे में होटल में जाकर मोटे पैसे खर्च करने के बजाय कुछ युवाओं ने बगीचे में ही ऐसी लाजवाब मटन रेसिपी बना डाली, जिसका स्वाद चखने के बाद लोग तारीफ करते नहीं थक रहे थे. जानें इसे बनाने का तरीका.
जानें बनाने का अलग अंदाज
इन युवाओं ने बताया कि इस खास मटन को बनाने के लिए उन्होंने सबसे पहले 4 किलो ताजा मटन लिया. उसके बाद बड़ी मात्रा में प्याज को बारीक काट कर रखा. आमतौर पर लोग मटन में प्याज और मसाले एक साथ डाल देते हैं, लेकिन इन युवाओं ने कुछ अलग अंदाज में इसे तैयार किया. सबसे पहले कढ़ाई में तेल गर्म करके प्याज को सुनहरा होने तक अच्छे से फ्राई किया गया. जब प्याज सुनहरा हो गया, तो उसमें कटे हुए मटन को डाल दिया और प्याज के साथ लगभग 20 मिनट तक लगातार भूनाई की. इससे मटन में प्याज का स्वाद अच्छी तरह से घुल गया.
हल्का फ्राई के बाद बनाएं पाउडर
फिर 200 ग्राम खड़ा गरम मसाला को हल्का फ्राई करके उसका पाउडर बना लिया और मटन में डाल दिया. इस मसाले के साथ फिर से 15 मिनट तक मटन को भूनना जारी रखा. इसके बाद इसमें अन्य मसाले डाले गए. स्वाद के अनुसार नमक, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और रंग के लिए कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डाला गया. साथ ही स्वाद को और भी बेहतर बनाने के लिए चार पैकेट मटन मसाला भी मिलाया गया. इन सभी मसालों के साथ लगभग डेढ़ घंटे तक मटन को प्यार से भूनते रहे. बीच-बीच में जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी भी डालते रहे ताकि मटन नीचे न लगे. लगभग डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद जो मटन तैयार हुआ, उसका स्वाद काबिले तारीफ था.
10 लोगों की पार्टी के लिए अपनाएं ये रेसिपी
इस विधि से आप भी अपने घर पर 10 लोगों की पार्टी में इस रेसिपी को बना सकते हैं. होटल में मोटी रकम खर्च करने के बजाय फाइव स्टार होटल जैसा लक्जरी स्वाद आप अपने मेहमानों को घर पर ही दे सकते हैं.