Last Updated:
MP Weather Today: मध्य प्रदेश में आज (21 सितंबर 2026, दिन सोमवार) ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहेगा. भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं है लेकिन गरज-चमक के साथ झोंकेदार हवा चलने की संभावना है. राजधानी भोपाल में दिन के समय बादल छाए रह सकते हैं लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं है.
सितंबर के अंतिम सप्ताह में भारी बारिश होने की संभावना है. (सांकेतिक तस्वीर)
जबलपुर. मध्य प्रदेश (MP Ka Aaj Ka Mausam) में मानसून अब धीमा पड़ रहा है. राज्य से मानसून की विदाई सामान्य तौर पर सितंबर माह के अंत में या अक्टूबर के पहले कुछ दिनों में हो जाती है. हालांकि इससे पहले सितंबर के आखिरी हफ्ते में एक बार फिर बारिश देखने को मिल सकती है. बंगाल की खाड़ी में बनने वाला नया सिस्टम सूबे में बारिश की गतिविधियां बढ़ा सकता है. भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 24 सितंबर से राज्य में एक मजबूत वेदर सिस्टम सक्रिय हो सकता है. इसके प्रभाव से कई जिलों में झमाझम बारिश होने की संभावना बन रही है. फिलहाल आज यानी 21 सितंबर 2026, दिन सोमवार को ज्यादातर जिलों में मौसम साफ रहेगा. भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है लेकिन गरज-चमक के साथ तेज रफ्तार हवा परेशानी करेगी.
मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. ज्यादातर जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने का अनुमान जताया गया है. इस दौरान खुले में, टिन शेड, हल्की नुकीली या धारदार वस्तुओं आदि के आसपास न खड़े हों.
राजधानी भोपाल में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी भोपाल में आज दिन के समय थोड़े बादल छाए रह सकते हैं लेकिन बारिश की संभावना न के बराबर है. दिन के तापमान में तेजी देखने को मिलेगी यानी दोपहर में उमस भरी गर्मी एक बार फिर लोगों को परेशान करेगी. प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में भी आज कुछ इसी तरह का मौसम देखने को मिलेगा.
मध्य प्रदेश में मानसून की बारिश का कोटा अधूरा
बताते चलें कि मध्य प्रदेश में मानसून की बारिश का कोटा अभी अधूरा है. राज्य में अब तक 33.7 इंच बारिश हुई है. सामान्य कोटे का 90.3 फीसदी ही पूरा हुआ है. प्रदेश अभी सामान्य से कम की कैटेगरी में है. आधे से ज्यादा जिलों में बारिश की कमी है. बरसात के आंकड़ों में इंदौर संभाग सबसे ज्यादा पिछड़ा है. भोपाल समेत 22 जिलों में 100 फीसदी या उससे ज्यादा बारिश हो चुकी है. कई जिलों में कोटा पूरा हुआ है. मानसून की विदाई में अब करीब 10 दिन बाकी हैं. तेज बारिश के एक और दौर की संभावना है. 23 सितंबर के बाद बारिश की स्थिति बन सकती है. तेज बारिश हुई तो मंडला, पन्ना, मंदसौर और मुरैना समेत कई जिलों का बारिश कोटा पूरा हो सकता है.