‘बिहार में 100 ललन सिंह हैं, किसके बारे में पूछ रहे?’ अनंत सिंह का एक और बयान वायरल, सुनिए क्या कहा?

‘बिहार में 100 ललन सिंह हैं, किसके बारे में पूछ रहे?’ अनंत सिंह का एक और बयान वायरल, सुनिए क्या कहा?


पटना. बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को लेकर पूछे गए सवाल पर दिलचस्प जवाब दिया है. जब अनंत सिंह से पूछा गया कि ललन सिंह किसके साथ हैं और चुनाव में उनकी भूमिका क्या है, तो अनंत सिंह ने कहा, “बिहार में 100 ललन सिंह हैं, किनके बारे में पूछ रहे हैं?” उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री ललन सिंह दिल्ली में रहते हैं और वह पटना में रहते हैं, लेकिन उन्हें भी नीरज कुमार ने परेशान किया है.

अनंत सिंह ने कहा कि जो ललन सिंह केंद्र में मंत्री हैं, उन्हें भी नीरज कुमार ने परेशान किया है. हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि नीरज कुमार की ओर से केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को किस तरह परेशान किया गया. वहीं MLC चुनाव के दौरान पुलिस कार्रवाई और लोगों की गिरफ्तारी को लेकर भी अनंत सिंह ने अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता मालिक है और भगवान है. वोट किसे देना है, यह जनता तय करती है.

छोटू सिंह को डिटेन पर क्या कहा?

वहीं उनके साथी छोटू सिंह को थाने में डिटेन किए जाने को लेकर अनंत सिंह ने कहा कि अगर पुलिस की कार्रवाई से उनके लोगों को परेशान या गिरफ्तार किया जाता है, तो इससे उनका वोट कम नहीं होगा, बल्कि और बढ़ सकता है. उन्होंने दावा किया कि जो वोट उनके उम्मीदवार को मिलना था, उससे ज्यादा वोट अब मिलेंगे. उन्होंने कहा कि किसी को पकड़ लेने से जनता का फैसला नहीं बदलेगा.

‘पार्टी ने अच्छा नहीं किया’

जेडीयू से जुड़े सवाल पर अनंत सिंह ने पार्टी को लेकर भी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो किया, वह अच्छा नहीं किया. उनका इशारा अपने खिलाफ पार्टी के रुख और नीरज कुमार को लेकर जारी विवाद की ओर था. अनंत सिंह ने कहा कि अगर पार्टी का आदमी है तो यह स्पष्ट होना चाहिए कि वह पार्टी के साथ है. उन्होंने कहा कि जब वे लोग पार्टी के लिए खड़े होते हैं तो पार्टी को भी उनकी बात माननी चाहिए. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वह नीतीश कुमार के विरोध में नहीं हो सकते.

‘नीतीश जी का विरोध नहीं कर सकते’

अनंत सिंह ने नीतीश कुमार के साथ अपने रिश्ते को लेकर कहा कि वह नीतीश कुमार का विरोध नहीं कर सकते. उन्होंने कहा कि वह नीतीश कुमार के साथ हैं और आगे भी उनके साथ रहेंगे. नीतीश कुमार के जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार से मिलने को लेकर अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार उनसे मिलने गए थे. उन्होंने इसे लेकर कहा कि नीतीश कुमार वहां मिले और प्रणाम किया. अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार का किसी से मिलना सामान्य बात है और इसे अलग तरीके से नहीं देखा जाना चाहिए.

वशिष्ठ नारायण सिंह से मिलने पर क्या कहा?

अनंत सिंह ने वशिष्ठ नारायण सिंह से नीतीश कुमार की मुलाकात का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि बशिष्ठ नारायण सिंह बुजुर्ग हैं और बीमार चल रहे हैं. विधानसभा के समय से ही उनके साथ पुराने संबंध रहे हैं. अनंत सिंह ने कहा कि जब उन्हें वशिष्ठ नारायण सिंह की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली तो वह उनसे मिलने चले गए. उनसे पहले भी पार्टी की मीटिंग में मुलाकात होती थी. उन्होंने कहा कि वशिष्ठ नारायण सिंह पार्टी में हैं और उनसे मिलने में कोई दिक्कत नहीं है. अनंत सिंह ने यह भी कहा कि बुजुर्ग और बीमार व्यक्ति से मिलने को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए.

नीरज कुमार के खिलाफ अनंत सिंह का मोर्चा

बता दें कि पटना स्नातक सीट से जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार को लेकर अनंत सिंह लगातार विरोध का रुख अपनाए हुए हैं. वह नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर बयान दे चुके हैं और जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह के समर्थन की बात भी कह चुके हैं. चुनाव के बीच अनंत सिंह ने दावा किया है कि उनके उम्मीदवार जीत रहे हैं और उनके समर्थकों ने उनके सरकारी आवास पर पटाखे फोड़कर जश्न भी मनाया है. अब अनंत सिंह के ललन सिंह, नीरज कुमार और नीतीश कुमार को लेकर दिए गए बयान ने जेडीयू के भीतर चल रही सियासी हलचल को और चर्चा में ला दिया है. हालांकि चुनाव का अंतिम फैसला 27 अक्टूबर को मतगणना के बाद ही सामने आएगा.



Source link