सुशांत सिंह राजपूत से अस्पताल में मिली थीं स्मिता जयकर, आज भी है ये अफसोस, रिया चक्रवर्ती को लेकर कही ये बात


Last Updated:

Smita Jaykar On Sushant Singh Rajput: सुशांत सिंह राजपूत की जिंदगी से जुड़ा एक पुराना किस्सा फिर चर्चा में है. इस बार एक्ट्रेस स्मिता जयकर ने दिवंगत एक्टर के मुश्किल दौर को याद किया है. उन्होंने बताया कि सुशांत से उनकी मुलाकात कैसे हुई और उस वक्त रिया चक्रवर्ती ने उनसे क्या मदद मांगी थी. स्मिता ने इस बातचीत में कुछ ऐसी बातें भी साझा कीं, जिनका उन्हें आज तक अफसोस है.

Top Deals Inside

सुशांत सिंह राजपूत से अस्पताल में मिली थीं स्मिता जयकर, आज भी है ये अफसोसZoom

स्मिता जयकर ने सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में सुशांत सिंह के साथ मुलाकात को याद किया.

नई दिल्ली. छोटी सी उम्र में दुनिया को अलविदा कह गए बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत को छह साल से ज्यादा समय बीत चुका है. लेकिन उनसे जुड़े किस्से आज भी सामने आते रहते हैं. अब दिग्गज एक्ट्रेस और स्पिरिचुअल हीलर स्मिता जयकर ने दिवंगत एक्टर से अपनी मुलाकात को याद किया है. उन्होंने बताया कि जब सुशांत मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे, तब वह उनसे मिलने गई थीं. इस मुलाकात के पीछे रिया चक्रवर्ती की पहल थी. स्मिता ने खुलासा किया कि रिया ने उनसे संपर्क कर सुशांत की मदद करने की गुजारिश की थी. हाल ही में उन्होंने उस मुलाकात के दौरान सुशांत की हालत और उनके साथ हुई बातचीत का जिक्र किया. साथ ही उन्होंने रिया को लेकर भी अपनी राय रखी है.

सुशांत सिंह राजपूत थे सुसाइडल

इस बातचीत में उन्होंने बताया कि रिया चक्रवर्ती के साथ उन्होंने पहले काम किया था और रिया ने ही सुशांत की हालत देख उनसे संपर्क किया था. इसके बाद वह सुशांत से मिलने हिंदूजा अस्पताल गईं और उन्हें हीलिंग सेशन भी दिया. स्मिता ने खुलकर स्वीकार किया कि उस दौरान सुशांत सिंह राजपूत सुसाइडल (आत्मघाती विचारों से जूझ रहे) थे. उस मुलाकात को याद करते हुए स्मिता ने बताया कि जब वह सुशांत से मिलीं तो उन्होंने काफी अच्छे से बात की और वह शांत नजर आए थे.

सुशांत को दिया था सुझाव

उन्होंने सुशांत को एक आश्रम में हीलिंग प्रक्रिया में शामिल होने का सुझाव भी दिया था, जिसके लिए एक्टर तैयार भी हो गए थे. लेकिन यह प्लान कभी पूरा नहीं हो सका. स्मिता ने आगे बताया कि उस रात रिया ने उन्हें मैसेज कर कहा था कि सुशांत की हालत फिर से खराब हो रही है. स्मिता ने अफसोस जताया कि अगर वह उस समय वहां जा पातीं तो शायद कुछ मदद हो सकती थी.

ड्रग्स की अफवाहों को किया खारिज

जब स्मिता से यह पूछा गया कि क्या सुशांत ड्रग्स के प्रभाव में थे? तो उन्होंने इन सभी अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने साफ किया कि अस्पताल में मुलाकात के दौरान उन्हें ऐसा कुछ नहीं लगा और संभव है कि वह केवल अपनी बीमारी की दवाइयां ले रहे होंगे.

रिया चक्रवर्ती के समर्थन में क्या बोलीं स्मिता?

सुशांत की मौत के बाद रिया चक्रवर्ती को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था. स्मिता ने अब उनका बचाव करते हुए कहा कि उनके मुताबिक, रिया उस समय सुशांत की मदद करना चाहती थीं. स्मिता ने रिया के साथ काम करने के अपने एक्सपीरियंस को भी याद किया. उन्होंने कहा कि वह उन्हें अच्छी लगती थीं.

14 जून 2020 को हुआ सुशांत सिंह राजपूत का निधन

आपको बता दें कि कि सुशांत सिंह राजपूत का 14 जून 2020 को मुंबई स्थित उनके घर पर निधन हो गया था. उनकी मौत के बाद मानसिक स्वास्थ्य, इलाज और उनके निजी जीवन को लेकर काफी चर्चा हुई थी.



Source link