Last Updated:
बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर शिक्षा विभाग ने 23 अक्टूबर को विशेष आकस्मिक अवकाश का आदेश जारी किया है. बिहार में पटना स्नातक चुनाव की चर्चा के बीच जेडीयू नेता अनंत सिंह भी काफी चर्चा में रहे. उन्होंने अपने ही पार्टी के गठबंधन वाले एनडीए के एमएलसी उम्मीदवार नीरज का खुलकर विरोध किया. अब चुनाव के बाद नतीजे आने पर नेताओं का दमखम देखने को मिलेगा.
पटना: बिहार में विधान परिषद चुनाव को लेकर शिक्षा विभाग का आदेश जारी कर दिया गया है. शिक्षा विभाग की तरफ से मतदान के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश का आदेश जारी हुआ है. 23 अक्टूबर को विशेष आकस्मिक अवकाश घोषित किया गया है. निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए अवकाश दिया गया है. सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से जारी अधिसूचना के अनुसार, पटना स्नातक, तिरहुत स्नातक, दरभंगा स्नातक, कोसी स्नातक और पटना शिक्षक, तिरहुत शिक्षक, दरभंगा शिक्षक और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाताओं को इस अवकाश का लाभ मिलेगा.
विधायक राज्य की विधानसभा का सदस्य होता है. देश के हर राज्य में विधानसभा है, लेकिन विधान परिषद सिर्फ छह राज्यों में ही है. इनमें बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना हैं. विधानसभा को निचला सदन भी कहा जाता है और विधान परिषद को ऊपरी सदन कहा जाता है.
विधायक को जहां सीधे जनता वोट देकर अपने विधानसभा के लिए चुनती है वहीं विधान परिषद के सदस्यों यानी एमएलसी को सीधे तौर पर जनता नहीं चुनती. एमएलसी के चुनाव में स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि, स्नातक मतदाता, शिक्षक मतदाता और विधायक वोट डालकर चुनते हैं. इसके अलावा विधान परिषद के कुछ सदस्यों को राज्यपाल भी नामित करते हैं.
संविधान के मुताबिक, विधान परिषद के करीब एक-तिहाई सदस्यों को चुनने के लिए विधायक वोट डालते हैं. इसी तरह करीब एक-तिहाई एमएलसी का चुनाव स्थानीय निकायों के लोगों के वोट से होता है. स्नातक और शिक्षक वर्ग से आने वाले वोटरों द्वारा चुने गए एमएलसी के अलावा बाकी के एमएलसी सदस्य राज्यपाल नामित करते हैं.
विधायकों के चुनाव में जहां जनता सीधे विधायक उम्मीदवार को वोट देती है वहीं दूसरी तरफ विधान परिषद के चुनाव में जनता के वोट से चुने गए विधायक और स्थानीय प्रतिनिधि सहित कुछ अन्य लोग वोट डालते हैं. कई एमएलसी विभिन्न राज्यों के राज्यपाल नामित करते हैं.