कार की टंकी फुल कराई, बिना पैसे दिए भागे नेताजी, अगले दिन दरवाजे पर आ गई पुलिस
Last Updated:
ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया प्रांत के प्रीमियर बेन कैरोल पेट्रोल पंप से बिना भुगतान किए अपनी कार लेकर निकल गए. सोमवार देर रात हुई इस घटना के बाद अगले दिन पुलिस ने उनसे सीधा संपर्क साधा. पुलिस का फोन आते ही प्रीमियर तुरंत पंप पर पहुंचे और पूरा बिल चुकाया. उन्होंने सफाई दी कि थकान और जरूरी घरेलू काम के चक्कर में वह पैसे देना भूल गए थे.
ऑस्ट्रेलिया के प्रीमियर बिना बिल दिए भागे, पुलिस के टोकने पर याद आया. (AI Generated Image)
ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया प्रांत के प्रीमियर बेन कैरोल एक अजीबोगरीब मुश्किल में फंस गए. सोमवार देर रात वह अपनी निजी कार में पेट्रोल भराने के लिए सर्विस स्टेशन पहुंचे थे. पेट्रोल भरवाने के तुरंत बाद वह बिना बिल चुकाए अपनी गाड़ी लेकर वहां से सीधे निकल गए. इस मामले में मंगलवार को पुलिस ने खुद उनसे संपर्क किया. पुलिस का कॉल आते ही प्रीमियर के होश उड़ गए और वह तुरंत सर्विस स्टेशन जाकर बिल चुकाने को तैयार हुए. 51 साल के बेन कैरोल ने इस पूरे वाकये पर सार्वजनिक बयान देकर अपनी स्थिति साफ की है. उन्होंने कहा कि बहुत व्यस्त दिन होने के कारण वह पेमेंट करना पूरी तरह भूल गए थे.
प्रीमियर बेन कैरोल से पेट्रोल पंप पर आखिर इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई?
प्रीमियर बेन कैरोल ने बुधवार सुबह मीडिया के सामने अपनी बात रखी. उन्होंने बताया कि सोमवार का दिन उनके लिए कई वजहों से काफी मुश्किल भरा था. घर लौटने के बाद भी वह काफी देर तक फोन पर सरकारी कामों में उलझे रहे. इसी बीच उनकी पत्नी से बेटी की सहेली का पेंसिल बॉक्स लौटाने को लेकर बात हुई. कैरोल ने पत्नी से कहा कि वह खुद बाहर जाकर पेंसिल बॉक्स लौटाएंगे और कार में पेट्रोल भी भरवा लेंगे. सर्विस स्टेशन पर पेट्रोल लेने के बाद उनका ध्यान पेमेंट करने से पूरी तरह भटक गया. अगले दिन जब पुलिस ने इस बारे में जानकारी दी, तब जाकर उन्हें अपनी इस भूल का अहसास हुआ. उन्होंने तुरंत वहां जाकर सारा बकाया पैसा चुकाया और सर्विस स्टेशन स्टाफ की समझदारी के लिए उनका आभार भी जताया.
क्या पुलिस अब इस मामले में प्रीमियर के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई करेगी?
इस घटना पर विक्टोरिया पुलिस कमिश्नर माइक बुश का अहम बयान सामने आया है. कमिश्नर ने साफ किया कि अगर कोई व्यक्ति जानबूझकर नहीं बल्कि गलती से बिना पेमेंट किए निकलता है, तो यह सिविल मामला बनता है. पुलिस ऐसे हर मामले को सीधे तौर पर अपराध की श्रेणी में दर्ज नहीं करती है. उन्होंने कहा कि सर्विस स्टेशन मालिकों को होने वाले नुकसान से पुलिस को पूरी सहानुभूति है. इस मामले में नुकसान की भरपाई तुरंत कर दी गई है. इसलिए प्रीमियर बेन कैरोल के खिलाफ आगे किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी. पुलिस की इस सफाई के बाद मामला कानूनी विवाद बनने से बच गया.
बेन कैरोल ने कहा कि इस घटना से साबित होता है कि राजनेता भी आम इंसान होते हैं और उनसे भी गलतियां हो सकती हैं. उन्होंने यह भी साझा किया कि पूर्व डिप्टी प्रीमियर जॉन थवाइट्स ने इस घटना के बाद उनसे फोन पर बात की थी. पूर्व डिप्टी प्रीमियर ने उनसे कहा, ‘बेन, चिंता मत करो. एक बार मैं भी पेट्रोल का पैसा देना भूल गया था और गाड़ी के साथ पेट्रोल नोजल भी उखाड़ ले गया था.’ इस बातचीत से कैरोल को काफी राहत मिली. हालांकि कुछ महीने पहले ही उनकी पूर्ववर्ती नेता जैसिंटा एलन ने पेट्रोल पंपों पर बिना पैसे दिए भागने की बढ़ती घटनाओं पर गहरी चिंता जताई थी. अब खुद मौजूदा प्रीमियर के साथ ऐसा मामला सामने आने से यह खबर खूब चर्चा बटोर रही है.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login