‘उनको कभी नहीं देखा शराब पीते’, दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे सुदेश लहरी, मंच पर हुए अपमान पर जताई नाराजगी


Last Updated:

कॉमेडियन और एक्टर सुदेश लहरी ने दलेर मेहंदी के साथ मंच पर किए गए बर्ताव पर अपनी नाराजगी जताई है. हाल ही में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी पर लगे आरोपों और उनके साथ हुए दुर्व्यवहार से आहत सुदेश ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कलाकारों को सम्मान देने की अपील की है. सुदेश ने कहा कि उन्होंने कभी भी दलेर मेहंदी को शराब पीते या नशे में नहीं देखा. उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह से किसी कलाकार का सार्वजनिक मंच पर अपमान करना बहुत गलत है.

ख़बरें फटाफट

Top Deals Inside

दलेर मेहंदी के सपोर्ट में उतरे सुदेश लहरी, मंच पर हुए अपमान पर जताई नाराजगीZoom

दलेर मेहंदी के समर्थन में सुदेश लहरी ने बनाया वीडियो. (फोटो: Instagram@realsudeshlehri)

नई दिल्ली. मशहूर कॉमेडियन और एक्टर सुदेश लहरी ने दलेर मेहंदी के समर्थन में खुलकर अपनी बात रखी है. हाल ही में एक स्टेज शो के दौरान दलेर मेहंदी के साथ हुए बर्ताव से आहत सुदेश ने नाराजगी जताई है और लोगों से कलाकारों का सम्मान करने की अपील की है. सुदेश ने बताया कि वह दलेर मेहंदी को पिछले 30 सालों से जानते हैं और उन्होंने उनसे मंच पर परफॉर्म करने से लेकर हर परिस्थिति में प्रोफेशनल बने रहने की कला सीखी है. एक कलाकार होने के नाते वह उनके जज्बे को अच्छी तरह समझते हैं.

सुदेश लहरी ने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें वह कहते हैं, ‘नमस्कार दोस्तों, मैं ये वीडियो अपने लिए नहीं बना रहा, बल्कि हम सबके चहेते दलेर पाजी के लिए बना रहा हूं. दोस्तों में मैं एक आर्टिस्ट हूं और मैं फील कर सकता हूं कि एक आर्टिस्ट क्या होता है. आर्टिस्ट कितना इमोशनल और कोमल होता है. आप दलेर पाजी के जो वायरल वीडियोज देख रहे हैं, उनमें जिस तरह से उन्हें पेश किया जा रहा है, वो बहुत गलत है.’

सुदेश लहरी ने दलेर मेहंदी के साथ दुर्व्यवहार पर जताई आपत्ति

सुदेश लहरी ने दलेर मेहंदी के साथ मंच पर हुए दुर्व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई है. दलेर मेहंदी के साथ अपने 30 साल पुराने रिश्ते का जिक्र करते हुए सुदेश ने कहा कि उन्होंने और देश-दुनिया के कई कलाकारों ने दलेर मेहंदी से स्टेज की मर्यादा, प्रोफेशनल रवैये और कला का सम्मान करना सीखा है. उन्होंने कहा, ‘मैं उन्हें 30 सालों से करीब से जानता हूं. हमने उनसे सीखा है कि स्टेज पर कैसे जाना है, दर्शकों का सामना कैसे करना है और एक सच्चा प्रोफेशनल कैसे बनना है. अगर आपको किसी कलाकार से कोई बात करनी भी है, तो वो बैकस्टेज निजी तौर पर की जा सकती है, उसका तरीका कुछ और भी हो सकता है. भरे मंच पर इस तरह से बात करना पूरी तरह से गलत है.’

सुदेश लहरी का दावा- दलेर मेहंदी को कभी शराब पीते नहीं देखा

दलेर मेहंदी की तारीफ करते हुए सुदेश ने आगे कहा कि पिछले तीन दशकों में उन्होंने कभी दलेर मेहंदी को शराब पीते देखे हुए देखा और ना ही किसी ने कहा कि वह नशे करते हैं और शराब पीते हैं.’ बातचीत के आखिर में सुदेश लहरी ने दलेर मेहंदी की अच्छी सेहत की कामना की और उनके प्रति अपना पूरा समर्थन जताते हुए कहा, ‘दलेर जी, आप जल्द से जल्द ठीक हो जाइए. हमारी शुभकामनाएं और प्यार आपके साथ हैं, हम सब आपके साथ खड़े हैं.’

जानिए क्या है दलेर मेहंदी से जुड़ा पूरा मामला

गौरतलब है कि 18 अक्टूबर को उत्तराखंड के टिहरी जिले में प्रसिद्ध कुंजापुरी मेले के दौरान सिंगर दलेर मेहंदी के लाइव शो में अचानक भारी हंगामा हो गया. नवरात्रि उत्सव पर आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में दलेर मेहंदी अपनी परफॉर्मेंस दे रहे थे, तभी प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक सुबोध उनियाल अचानक मंच पर पहुंच गए. उन्होंने भरी सभा के सामने दलेर मेहंदी का शो बीच में ही रुकवा दिया और कड़ी फटकार लगाई. मंत्री ने आरोप लगाया कि मां दुर्गा को समर्पित इस पवित्र मंच पर दलेर मेहंदी शराब पीकर परफॉर्म करने पहुंचे थे, जो इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन की गरिमा के खिलाफ है.





Source link