मुंबई. महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के लिए शुक्रवार को होने वाले चुनावों में सत्ताधारी महायुति और विपक्षी महा विकास अघाडी अपनी ताकत आजमाने के लिए तैयार हैं. इन सीटों पर कुल 182 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. राज्य की 78 सदस्यीय विधान परिषद में पांच सीटों तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए द्विवार्षिक चुनाव होने हैं. ये निर्वाचन क्षेत्र हैं- पुणे संभाग स्नातक, नागपुर संभाग स्नातक, पुणे संभाग शिक्षक, छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र.
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, शुक्रवार को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी. चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी. संबंधित भौगोलिक क्षेत्रों में रहने वाले पंजीकृत स्नातक और शिक्षक इन चुनावों में मतदान करने के पात्र हैं. पांच निवर्तमान सदस्य, जिनका कार्यकाल छह दिसंबर को समाप्त हो रहा है, वे हैं सतीश चव्हाण (छत्रपति संभाजीनगर स्नातक), अरुण लाड (पुणे स्नातक), अभिजीत वंजारी (नागपुर स्नातक), किरण सरनाईक (अमरावती शिक्षक) और जयंत असगांवकर (पुणे शिक्षक).
महाराष्ट्र की राजनीति में कल का दिन अहम
महायुति, जिसमें भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राकांपा शामिल हैं – और विपक्षी महा विकास अघाडी (एमवीए) गठबंधन – जिसमें कांग्रेस, शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शप) और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) शामिल हैं सभी पांच सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं. इन चुनावों में दोनों गठबंधनों के लिए अपने समर्थक मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक लाना अहम होगा. स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की प्रकृति सामान्य विधानसभा चुनावों से अलग है, क्योंकि यहां केवल संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में पंजीकृत स्नातक और शिक्षक मतदाता ही वोट डालते हैं.
किस सीट पर कौन लड़ रहा चुनाव?
भाजपा ने नागपुर स्नातक, पुणे स्नातक और पुणे शिक्षक सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं जबकि राकांपा छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट से और शिवसेना अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही है. एमवीए खेमे में, कांग्रेस नागपुर स्नातक और पुणे शिक्षक निर्वाचन सीटों पर चुनाव लड़ रही है; राकांपा (शप) ने पुणे और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि शिवसेना (उबाठा) अमरावती शिक्षक निर्वाचन सीट के लिए मैदान में है. कुल 10,68,072 मतदाता 2,419 मतदान केंद्रों पर अपना वोट डालने के पात्र हैं.
कुलमिलाकर महाराष्ट्र की राजनीति में शुक्रवार यानी 23 अक्टूबर को एक अहम चुनावी मुकाबला होने जा रहा है. राज्य विधान परिषद की पांच सीटों के लिए सत्ताधारी महायुति और विपक्षी महाविकास अघाड़ी अपनी ताकत आजमाएंगे. इन पांच सीटों पर कुल 182 उम्मीदवार मैदान में हैं. मतदान के लिए 2,419 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10,68,072 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे. मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी.